यूरिया एवं डीएपी से लदे कई जहाजों ने होर्मुज स्ट्रेट को पार किया
06-Jul-2026 12:23 PM
मुम्बई। पश्चिम एशिया में पिछले कुछ दिनों में स्थिति शांत होने के कारण माल वाहक जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट को पार करने में ज्यादा कठिनाई नहीं हो रही है।
समझा जाता है कि रासायनिक उर्वरकों से लदे 15-20 जहाजों ने इस जल मार्ग को पार कर लिया है और जल्दी ही भारतीय बंदरगाहों पर उसके पहुंचने की उम्मीद है। इससे किसानों को सही समय पर उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इनमें से 15 जहाजों पर 7 लाख टन से अधिक रासायनिक उर्वरक तथा उसके निर्माण में काम आने वाले कच्चे माल का स्टॉक लदा हुआ है। इसमें यूरिया, डीएपी तथा सल्फर भी शामिल है। इसमें से 8 जहाजों पर 3.30 लाख टन यूरिया, 4 जहाजों पर 2.50 लाख टन डीएपी तथा 3 जहाजों पर 1.10 लाख टन सल्फर मौजूद है।
इसके अलावा पांच अन्य जहाज भी होर्मुज स्ट्रेट के निकट पहुंच गए हैं और जल्दी ही उसे पार कर सकते हैं। इन जहाजों पर अमोनिया, सल्फर एवं यूरिया लदा हुआ है। इन सभी (20) जहाजों के भारत पहुंचने पर देश में रासायनिक उर्वरकों का स्टॉक पोजीशन मजबूत हो जाएगा।
