कनाडा और अमरीका में मटर की बिजाई घटी
06-Jul-2026 01:34 PM
विनीपेग। मटर के दो महत्वपूर्ण उत्पादक एवं निर्यातक देश- कनाडा तथा अमरीका में पिछले साल के मुकाबले चालू वर्ष के दौरान बिजाई क्षेत्र में गिरावट आने से इस दलहन का उत्पादन घटने की संभावना है। व्यापार विश्लेषकों के अनुसार यद्यपि मटर का पिछला बकाया स्टॉक ऊंचा है
मगर उत्पादन में गिरावट आने पर इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता में सीमित वृद्धि संभव हो सकेगी और तब वैश्विक मांग एवं आपूर्ति के बीच बेहतर संतुलन बन सकता है। बाजार पर स्टॉक की अधिकता का दबाव नहीं रहेगा।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार पिछले साल की तुलना में चालू वर्ष के दौरान मटर का उत्पादन क्षेत्र कनाडा में 35.10 लाख एकड़ से घटकर 30.30 लाख एकड़ तथा अमरीका में 16.20 लाख एकड़ से गिरकर 12 लाख एकड़ रह गया।
हालांकि सीजन के आरंभ में दोनों देशों के किसानों ने इससे अधिक क्षेत्रफल में मटर की खेती का प्लान बनाया था मगर भारी-भरकम स्टॉक तथा कमजोर बाजार भाव को देखते हुए बाद में उसकी धारणा बदल गई। काला सागर क्षेत्र के देशों- रूस, यूक्रेन एवं कजाकिस्तान में फसल की कटाई जल्दी ही शुरू होने वाली है जबकि कनाडा में अगले महीने से आरम्भ होगी।
