वैश्विक स्तर पर मसूर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

06-Jul-2026 11:57 AM

वैंकुवर। यद्यपि चालू वर्षों के दौरान कनाडा एवं अमरीका जैसे देशों में मसूर की बिजाई में कुछ कमी आई है और इसकी पैदावार थोड़ी घट सकती है लेकिन पिछला बकाया स्टॉक काफी बढ़ा होने से आपूर्तिकर्ता देशों के प्रोसेसर्स एवं निर्यातकों को इसका विशाल स्टॉक प्राप्त होगा और उसे इसकी बिक्री के लिए खरीदारों की तलाश में कठिनाई हो सकती है। उधर ऑस्ट्रेलिया में मसूर का रिकॉर्ड उत्पादन होने का अनुमान लगाया जा रहा है जबकि रूस तथा कजाकिस्तान में भी फसल की हालत अच्छी बताई जा रही है। 

कनाडा तथा अमरीका में संयुक्त रूप से मसूर का उत्पादन क्षेत्र गत वर्ष के 54.85 लाख एकड़ से घटकर इस बार 46.71 लाख एकड़ रह गया। वैसे मौसम एवं वर्षा की हालत सामान्य होने से फसल की औसत उपज लगभग स्थिर रहने की संभावना है लेकिन बिजाई क्षेत्र में आई कमी के कारण इसका कुल उत्पादन घट सकता है।

यदि उपज दर औसत स्तर की रही तो मसूर का उत्पादन कनाडा में 33.60 लाख टन से लुढ़ककर 21.60 लाख टन तथा अमरीका में 4.92 लाख टन से घटकर 3.02 लाख टन पर सिमट सकता है। तीन वर्षीय औसत उपज दर के आधार पर मसूर का उत्पादन कनाडा में 23.90 लाख टन तथा अमरीका में 3.48 लाख टन बैठता है।