सहकारिता मंत्रालय के 5 वें स्थापना दिवस का उत्सव समारोह आज

06-Jul-2026 10:44 AM

नई दिल्ली। केन्द्रीय सहकारिता मंत्रालय के 5 वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आज यानी 6 जुलाई 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में पूर्वाह्न 11 बजे से उत्सव समारोह आयोजित किया जा रहा है जिसमें केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे और सहकारिता क्षेत्र से सम्बन्धित अनेक महत्वपूर्ण परियोजनाओं  का शुभारंभ, लोकार्षण तथा शिलान्यास करेंगे। बताते चलें कि कॉमोडिटी मार्केट रिसर्च फर्म- आईग्रेन इंडिया को भी इस उत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। 

इस समारोह में देश भर में 50 हजार प्राथमिक कृषि ऋण समितियों प्राइमरी एग्रीकल्चरल क्रेडिट सोसायटीज या पैक्स) को ई- पैक्स में रूपांतरित किया जाएगा। इसे सहकारिता क्षेत्र में डिजिटल सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत कदम माना जा रहा है। 

अब से थोड़ी देर बाद आयोजित होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कुछ केन्द्रीय मंत्री, राजस्थान के मुख्यमंत्री, विभिन्न मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी तथा देश भर की सहकारिता संस्थाओं / समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

इस विशेष कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय सहकारिता मंत्री द्वारा 135 अन्न भंडारण गोदामों का हस्तांतरण, 85 गोदामों / वेयर हाउसों का लोकार्षण एवं 47 नए गोदामों का शिलान्यास किए जाने की संभावना है। इसके अलावा कुछ अन्य डिजिटल तथा संस्थागत पहल का भी शुभारम्भ किया जाएगा। 

आईग्रेन इंडिया को इस महत्वपूर्ण आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाना न केवल खुशी एवं गर्व की बात है बल्कि कृषि जिंस बाजार की तमाम सटीक जानकारी एवं सूचना सही समय पर सभी सम्बद्ध पक्षों तक पहुंचाने की इसकी गारंटी एवं विश्वसनीयता का प्रमाण भी है।