उत्पादन घटने एवं निर्यात बढ़ने से मलेशियाई पाम तेल के स्टॉक में कमी
10-Feb-2026 12:59 PM
कुआलालम्पुर। मलेशिया में दिसम्बर 2025 की तुलना में जनवरी 2026 के दौरान क्रूड पाम तेल (सीपीओ) के उत्पादन में गिरावट आई जबकि वहां से पाम तेल उत्पादों का निर्यात बढ़ गया। इसके फलस्वरूप जनवरी के अंत में कुल स्टॉक स्वाभाविक रूप से कुछ घट गया।
सरकारी संस्था-मलेशियन पाम ऑयल बोर्ड (एम्पोब) द्वारा जारी आंकड़ों से पता चलता है कि दिसम्बर 2025 के मुकाबले जनवरी 2026 में मलेशिया में सीपीओ का कुल उत्पादन 13.78 प्रतिशत घटकर 15,77,454 टन रह गया जबकि दूसरी ओर वहां से पाम तेल उत्पादों का सकल निर्यात 11.44 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी के साथ 14,84,267 टन पर पहुंच गया।
इसके परिणामस्वरूप मलेशिया में पाम तेल उत्पादों का कुल बकाया अधिशेष स्टॉक जनवरी 2026 के अंत में घटकर 28,15,493 टन पर आ गया जो दिसम्बर 2025 की समाप्ति के समय उपलब्ध स्टॉक से 7.72 प्रतिशत कम रहा।
समीक्षाधीन अवधि के दौरान वहां क्रूड पाम तेल का स्टॉक 8.18 प्रतिशत गिरकर 16,72,780 टन तथा प्रोसेस्ड (रिफाइंड) पाम तेल / पामोलीन का स्टॉक 7.05 प्रतिशत फिसलकर 11,42,713 टन रह गया।
लेकिन दिसम्बर के मुकाबले जनवरी के अंत में मलेशिया में पाम कर्नेल तेल का बकाया स्टॉक 22.46 प्रतिशत उछलकर 4,03,819 टन पर पहुंच गया। एम्पोब के अनुसार जनवरी 2026 के दौरान मलेशिया में विदेशों से 32,316 टन पाम तेल का आयात हुआ जो दिसम्बर 2025 के आयात से 2.93 प्रतिशत कम रहा।
ऑयल पाम के ताजे फलों के गुच्छे (एफएफबी) का दाम भी कुछ गिरकर 43.75 रिंगिट रह गया। बेशक जनवरी में पाम तेल का अधिशेष स्टॉक घट गया लेकिन फिर भी यह सामान्य स्तर से काफी ऊंचा रहा और इसलिए सीपीओ के बेंचमार्क वायदा मूल्य पर इसका कोई बढ़ा सकारात्मक असर नहीं देखा जा रहा है।
