कनाडा में मसूर एवं मटर की खेती के लिए कुछ सकारात्मक संकेत

10-Feb-2026 03:25 PM

ओटावा। कनाडा में अप्रैल 2026 से मटर एवं मसूर सहित अन्य दलहन फसलों की बिजाई शुरू होने वाली है और हाल के सप्ताहों में कुछ ऐसे सकारात्मक संकेत सामने आए हैं जिससे वहां किसानों को इसकी खेती का दायरा बढ़ाने अथवा कम से कम पिछले साल के स्तर पर स्थिर रखने का अच्छा प्रोत्साहन मिल सकता है।

वैसे कनाडा में मसूर, मटर एवं काबुली चना का विशाल स्टॉक अभी मौजूद है जबकि अगस्त-सितम्बर से इसके नए माल की आवक शुरू होगी। इस बीच की अवधि का निर्यात प्रदर्शन वहां दलहनों की बिजाई के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

वर्ष 2025 में कनाडाई दलहन उत्पादकों एवं निर्यातकों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा क्योंकि मटर के आयात पर चीन ने मार्च 2025 में 100 प्रतिशत तथा भारत ने नवम्बर 2025 में 30 प्रतिशत का सीमा शुल्क लगा दिया।

इससे चीन के मटर बाजार में कनाडा की स्थिति कमजोर पड़ गई और रूस का वर्चस्व बढ़ गया। लेकिन चीन अब कनाडाई मटर पर आयात शुल्क घटाने के लिए सहमत हो गया है। अगले महीने से यह निर्णय प्रभावी हो सकता है। इससे कनाडा को चीन में मटर का निर्यात बढ़ाने में अच्छी सहायता मिलने की उम्मीद है। 

जहां तक मसूर की बात है तो ऑस्ट्रेलिया में इसका उत्पादन तेजी से उछलकर 18-19 लाख टन के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है जिसे वैश्विक बाजार में इसकी आपूर्ति एवं उपलब्धता काफी बढ़ गई है।

कनाडा रूस तथा कजाकिस्तान जैसे देशों में भी मसूर का शानदार उत्पादन हुआ है। वैसे हाल के दिनों में मसूर की मांग एवं कीमत में कुछ वृद्धि हुई है। निर्यातक देशों का ध्यान अब भारत की फसल पर केन्द्रित है।