साप्ताहिक समीक्षा- धान-चावल

05-Sep-2026 08:42 PM

धान की आवक में सुधार - चावल के दाम में मिश्रित रुख 

नई दिल्ली। कुछ महत्वपूर्ण मंडियों में बासमती धान तथा 'ए' ग्रेड के गैर बासमती धान की आवक बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं जिसमें पंजाब के अमृतसर एवं तरन तारन, हरियाणा के तरावड़ी, दिल्ली के नरेला, छत्तीसगढ़ के भाटापाड़ा एवं राजिम तथा उत्तर प्रदेश के जहांगीराबाद की मंडी भी शामिल है। 
राजस्थान 
इसके अलावा राजस्थान के कोटा सहित कुछ अन्य केन्द्रों में भी धान की थोड़ी-बहुत आवक हो रही है। 29 अगस्त से 4 सितम्बर वाले सप्ताह के दौरान पंजाब में धान की भारी आवक हुई और मिलर्स / प्रोसेसर्स की अच्छी मांग के कारण 1509 कम्बाइन धान का भाव 141 रुपए बढ़कर 2026 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गया। 
भाटापाड़ा 
राजिम मंडी में धान की कीमत में थोड़ी-बहुत वृद्धि हुई मगर भाटापाड़ा में महामाया का भाव 100 रुपए नरम पड़ गया। नरेला मंडी में 1509 कम्बाइन धान का दाम 21 रुपए सुधर गया। 
चावल 
जहां तक चावल का सवाल है तो मांग एवं आपूर्ति के अनुरूप इसकी विभिन्न किस्मों एवं श्रेणियों की कीमतों में कुछ उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया। भाटापाड़ा में एचएमटी तथा स्वर्ण चावल के मूल्य में 100-100 रुपए प्रति क्विंटल की वृद्धि हुई मगर श्रीराम चावल का दाम 200 रुपए घट गया। 
पंजाब / अमृसतर 
उधर अमृतसर में चावल की मांग कुछ कमजोर रही जिससे कुछ किस्मों के मूल्य में 100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट आ गई। अन्य श्रेणियों के भाव स्थिर रहे।
उत्तराखंड  
उत्तराखंड की नगर मंडी में चावल का भाव स्थिर रहा और छत्तीसगढ़ की राजिम मंडी में भी कोई बदलाव नहीं देखा गया। बंदी में सुगंधा चावल का भाव 150 रुपए घटकर 7600/7650 रुपए प्रति क्विंटल रह गया।
दिल्ली 
दिल्ली के नया बाजार में कुछ खास चावल में अच्छा कारोबार हुआ जिससे उसके दाम में 100-100 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार आ गया लेकिन कुछ चावल के दाम में 100-200 रुपए की नरमी भी रही। भारत से गैर बासमती चावल का अच्छा निर्यात हो रहा है लेकिन बासमती चावल का निर्यात प्रदर्शन ज्यादा उत्साहवर्धक नहीं है।