सीमित कारोबार से कनाडा में हरी मसूर का भाव नरम

11-Jun-2026 07:28 PM

सस्काटून। गर्मी का सीजन नजदीक आने से पश्चिमी कनाडा के मसूर का बाजार नरम पड़ता जा रहा है। बड़ी (मोटी) एवं छोटी हरी मसूर के लिए खरीदार नहीं मिल रहे हैं। जो थोड़े-बहुत खरीदार सक्रिय हैं वे भी अगस्त-सितम्बर डिलीवरी के लिए अनुबंध कर रहे हैं जबकि उस समय मसूर की नई फसल की कटाई-तैयारी आंरभ हो जाएगी। 

जून से सितम्बर की अवधि के मूवमेंट के लिए मोटी मसूर का एफओबी फार्म मूल्य गिरकर 21 से 23 सेंट प्रति पौंड के बीच आ गया है जबकि इसकी अगली नई फसल अनुबंध मूल्य 23-24 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है जो सितम्बर से दिसम्बर 2026 तक की डिलीवरी के लिए है।

छोटी हरी मसूर का दाम तो और भी गिरकर महज 17-18 सेंट प्रति पौंड रह गया है जबकि अगली फसल का भाव 22-23 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है।

यह सामान्य कारोबारी मानसिकता के विपरीत है क्योंकि आमतौर पर पुराने स्टॉक वाले माल का भाव नई फसल की तुलना में ऊंचा रहता है।

लाल मसूर के मौजूदा स्टॉक का भाव 24-25 सेंट प्रति पौंड तथा अगली फसल का अनुबंध मूल्य 23-24 सेंट प्रति पौंड पर मजबूती से स्थिर बना हुआ है। सस्कैचवान में मसूर की बिजाई लगभग पूरी हो चुकी है।