पश्चिम एशिया में भयंकर युद्ध के बीच होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने का दावा

11-Jun-2026 05:47 PM

तेहरान। पश्चिम एशिया में अमरीका और इजरायल के साथ ईरान का भयंकर युद्ध पुनः आरम्भः हो गया है जिससे मध्य पूर्व एवं खाड़ी क्षेत्र के देशों में दहशत का माहौल है।

इस बीच ईरान के सैन्य संगठन-आईआरजीसी श्रेणी ने दावा किया है कि होर्मुज जल डमरू मध्य (स्ट्रेट) को जहाजों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है और ईरान की अनुमति के बगैर इस रास्ते से गुजरने वाले जहाजों को खतरा हो सकता है।

हालांकि अमरीका ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट खुला हुआ है और उसके नौ सैनिकों की निगरानी में जहाजों को होर्मुज पार करवाया जा रहा है लेकिन ईरान की दहशत इतनी ज्यादा है कि शिपिंग कंपनियां अपने जहाजों को वहां नहीं भेज रही हैं। 

ईरान के बंदरगाह शहर-बंदर अब्बास में धमाके हुए हैं और अमरीका ने कुछ अन्य जगहों पर भी बमबारी की है। ईरान भी कुवैत बहरीन एवं जॉर्डन में अमरीकी सैन्य विभागों को निशाना बना रहा है लेकिन हैरत की बात है कि वह सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) एवं कतर जैसे देशों पर हमला नहीं कर रहा है।

समझा जाता है कि इन देशों ने हमला नहीं करने की शर्त पर ईरान को रिश्वत के तौर पर मोटी रकम दी है। होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने से भारत से खाड़ी क्षेत्र में एक बार फिर बासमती चावल, चाय कॉफी, मसाले एवं ऑयल मील आदि का निर्यात प्रभावित होने की आशंका है।