पेट्रोल एवं डीजल पर उत्पाद शुल्क में कटौती

27-Mar-2026 12:59 PM

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने पश्चिम एशिया के संकट से उत्पन्न विषम स्थिति के दुष्प्रभाव से लोगों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पेट्रोल एवं डीजल पर उत्पाद शुल्क (एक्साइज ड्यूटी) में 10 रुपए प्रति लीटर की कटौती कर दी है। पहले पेट्रोल पर 13 रुपए प्रति लीटर एवं डीजल पर 10 रुपए प्रति लीटर की एक्साइज ड्यूटी लागू थी।

अब इस कटौती के बाद उत्पाद शुल्क पेट्रोल पर घटकर 3 रुपए प्रति लीटर तथा डीजल पर शून्य रुपए प्रति लीटर रह जाएगा। इससे तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) को अपनी बैलेंस शीट सुधारने में सहायता मिलेगी और क्रूड खनिज तेल का वैश्विक बाजार भाव बढ़ने के बावजूद घरेलू प्रभाग में पट्रोल तथा डीजल का दाम स्थिर रखा जा सकेगा। 

लेकिन इस कटौती के बावजूद पेट्रोल डीजल के खुदरा मूल्य में फिलहाल कोई बदलाव नहीं होगा। क्रूड खनिज तेल का वैश्विक बाजार भाव पिछले 20-25 दिनों के अंदर 70 डॉलर प्रति बैरल से करीब 50 प्रतिशत बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर पहुंच गया है।

ऐसी हालत में यदि पेट्रोल-डीजल का मूल्य पूर्व स्तर पर बरकरार रहता है तो भी उपभोक्ता वर्ग के लिए काफी राहत की बात होगी। इससे माल भाड़े को स्थिर रखा जा सकेगा और इससे महंगाई में होने वाली वृद्धि को नियंत्रित किया जा सकेगा।