गेहूं की सप्ताहिक समीक्षा
28-Mar-2026 05:47 PM
गेहूं की सप्ताहिक समीक्षा
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान तथा गुजरात जैसे महत्वपूर्ण उत्पादक प्रांतो की मंडियों में नए गेहूं की आपूर्ति लगातार बढ़ती जा रही है और वहां इसकी सरकारी खरीद हो रही है। इसके फलस्वरूप कीमतों में सामान्य उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। कुछ मंडियों में नरमी का माहौल है जबकि कहीं-कहीं इसमें तेजी भी देखी जा रही है।
गेहूं मंडी भाव
21-27 मार्च वाले सप्ताह के दौरान गेहूं का भाव दिल्ली में 5 रूपए सुधरकर 2600/2640 रूपए प्रति क्विंटल, डबरा में 75 रूपए बढ़कर 2200/2350 रूपए प्रति क्विंटल तथा जालना में 50 रूपए बढ़कर 2175/2350 रूपए प्रति क्विंटल पहुंचा जबकि दूसरी ओर इंदौर में 50 रूपए घटकर 2200/3100 रूपए प्रति क्विंटल, इटारसी में 120 रूपए लुढ़ककर 2200/2280 रूपए प्रति क्विंटल, गोरखपुर में 100 रूपए घटकर 2350 रूपए प्रति क्विंटल और मैनपुरी में 40 रूपए गिरकर 2260 रूपए प्रति क्विंटल रह गया।
गेहूं खरीद
उपरोक्त आंकड़ों से स्पष्ट पता चलता है कि अधिकांश मंडियों में गेहूं का दाम घटकर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से काफी नीचे आ गया है जो इस बार 2585 रूपए प्रति क्विंटल निर्धारित हुआ है कुछ क्षेत्रो में प्राकृतिक आपदाओं से फसल को हुए छिटपुट नुकसान के बावजूद चालू रबी सीजन में गेहूं का बम्पर घरेलू उत्पादन होने की उम्मीद है जबकि सरकार ने केवल 303 लाख टन की खरीद का लक्ष्य नियत किया है।
1 अप्रैल से पंजाब, हरियाणा एवं बिहार में गेहूं की सरकारी खरीद आरम्भ होने वाली है। उद्योग-व्यापार क्षेत्र भी इसकी खरीद का प्रयास कर रहा है क्योंकि कीमत घटकर काफी नीचे आ गई है।
