नई फसल की आहट से कनाडा में मसूर का बाजार स्थिर
23-Jul-2026 06:00 PM
विनीपेग। पश्चिमी कनाडा में मसूर का कारोबार स्थिर देखा जा रहा है और बाजार की दशा तथा दिशा का अनुमान लगाना कठिन हो रहा है। कहीं-कहीं इसकी थोड़ी-बहुत खरीदारी हो रही है। मसूर का भाव कभी थोड़ा सुधरता है लेकिन फिर नरम पड़ जाता है। नंबर वन क्वालिटी के एस्टॉन मसूर का भाव 17.18 सेंट प्रति पौंड रह गया है जबकि इसकी अगली नई फसल का अनुबंध मूल्य 20 सेंट प्रति पौंड से ऊपर पहुंच गया है।
लाल मसूर के मौजूदा स्टॉक तथा अगली नई फसल- दोनों का दाम 22 सेंट प्रति पौंड के समान स्तर पर चल रहा है जबकि कहीं-कहीं यह इससे कुछ ऊपर पहुंचता भी दिख रहा है। हाल के सप्ताहों में इसमें थोड़ी नरमी आई है जबकि नंबर दो क्वालिटी की मोटी हरी मसूर का भाव 23 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर बना हुआ है। इसकी अगली फसल का भाव 23-24 सेंट प्रति पौंड बताया जा रहा है।
कनाडा में इस वर्ष मसूर के बिजाई क्षेत्र में करीब 14 प्रतिशत की गिरावट आई है जिससे पैदावार कुछ कम होने की संभावना है। लेकिन पिछला बकाया स्टॉक काफी ऊंचा है इसलिए कुल उपलब्धता 2025-26 सीजन के बराबर या उससे कुछ अधिक रह सकती है।
मसूर की नई फसल की आवक अगले दो-तीन सप्ताहों में आरंभ होने वाली है। उधर ऑस्ट्रेलिया में भी इसका शानदार उत्पादन होने की उम्मीद है जिससे प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है।
