मेथी की कीमतों में तेजी : मंदे की संभावना नहीं

23-Jul-2026 07:36 PM

नई दिल्ली। वर्तमान में मेथी के भाव तेजी के साथ बोले जा रहे हैं। चालू सप्ताह के दौरान मेथी के भाव 200/300 रुपए प्रति क्विंटल तक बढ़ चुके हैं और अभी भी बाजार में धारणा तेजी की बनी हुई है। क्योंकि चालू सीजन के दौरान देश में मेथी का उत्पादन कम होने के कारण उत्पादक केन्द्रों पर मेथी का स्टॉक कम रह गया है। जबकि नई फसल आने में अभी 7/8 माह का समय शेष है। 

उल्लेखनीय है कि चालू सीजन के लिए उत्पादक केन्द्रों पर मेथी की बिजाई का क्षेत्रफल 12 प्रतिशत घटकर 1.15 लाख हेक्टेयर रह जाने के पश्चात मौसम भी फसल के प्रतिकूल होने से पैदावार में गिरावट रही और उत्पादन अनुमान 12/14 लाख क्विंटल के लगाए गए थे जबकि गत वर्ष उत्पादन 17/18 लाख क्विंटल का रहा था। चालू सीजन के दौरान प्रमुख उत्पादक राज्य मध्य प्रदेश में मेथी की पैदावार 7/8 लाख क्विंटल मानी गई है जबकि गुजरात में 3/3.50 लाख क्विंटल एवं राजस्थान 2/2.50 लाख क्विंटल उत्पादन अनुमान लगाए गए हैं। 

आवक

कुल उत्पादन का अधिकांश माल मंडियों में आ जाने के कारण मंडियों में दैनिक आवक कम रह गई है। प्रमुख मंडी नीमच एवं जावरा में आवक 1000/1200 की रह गई है जबकि मंदसौर में 400/500 बोरी की आवक हो रही है। गुजरात की राजकोट मंडी में आवक 100/150 बोरी की चल रही है। राजस्थान की कोटा मंडी में आवक 50/100 बोरी एवं नौखा मंडी में 400/500 बोरी की आवक हो रही है। 

भाव

चालू सप्ताह के दौरान मंडियों में कमजोर आवक एवं बढ़ती मांग के कारण मेथी के एवरेज क्वालिटी के भाव 200/300 रुपए प्रति क्विंटल तेजी के साथ मध्य प्रदेश की मंडियों में 6700/7100 रुपए प्रति क्विंटल के हो गए हैं। सूत्रों का मानना है कि स्टॉक की कमी के चलते आगामी दिनों में भावों में 8/10 रुपए प्रति किलो की तेजी संभव है। 

उल्लेखनीय है कि चालू सीजन के दौरान देश में मेथी की कुल उपलब्धता खपत की तुलना में कम मानी जा रही है। एक अनुमान के अनुसार हमारी सालाना खपत एवं निर्यात को मिलाकर लगभग 18/20 लाख क्विंटल की आवश्यकता होती है जबकि चालू सीजन के दौरान कुल उत्पादन 12/14 लाख क्विंटल एवं बकाया स्टॉक 2/3 लाख क्विंटल को मिलाकर कुल उपलब्धता 15/17 लाख क्विंटल की मानी जा रही है।

निर्यात 

विगत कुछ समय से मिडिल ईस्ट देशों में युद्ध के चलते मेथी का निर्यात प्रभावित हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2026-27 के प्रथम दो माह अप्रैल-मई - 2026 के दौरान मेथी का निर्यात मात्रात्मक रूप में 33 प्रतिशत घटा है जबकि आय में 20 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। मसाला बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अप्रैल-मई 2026 के दौरान मेथी का निर्यात 6742 टन का रहा और निर्यात से प्राप्त आय 55.93 करोड़ की रही। जबकि अप्रैल-मई 2025 के दौरान निर्यात 10041 टन का रहा था और प्राप्त आय 69.69 करोड़ की रही। वर्षा 2025-26 के दौरान मेथी का कुल निर्यात 47069 टन का किया गया था जबकि वर्ष 2024-25 में निर्यात 44516 टन का रहा था।