मार्च-मई की तिमाही में ऑस्ट्रेलिया से 72 हजार टन चना का निर्यात

06-Jul-2026 07:32 PM

ब्रिसबेन। दुनिया में देसी चना के सबसे प्रमुख निर्यातक एवं दूसरे सबसे बड़े उत्पादक देश- ऑस्ट्रेलिया से इस महत्वपूर्ण दलहन का निर्यात शिपमेंट नियमित रूप से जारी है लेकिन इसकी मात्रा घट गई है।

सरकारी एजेंसी- ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) की रिपोर्ट के अनुसार मार्च-मई 2026 की तिमाही के दौरान देश से कुल मिलाकर करीब 72 हजार टन चना का निर्यात हुआ। 

इसके तहत मार्च में करीब 25 हजार टन, अप्रैल में 20 हजार टन तथा मई में 27 हजार टन चना का निर्यात हुआ। आलोच्य तिमाही के दौरान पाकिस्तान इसका सबसे बड़ा खरीदार रहा जिसने 26 हजार टन चना का आयात किया।

भारत दूसरे नम्बर पर रहा जहां मार्च में 6233 टन, अप्रैल में 1982 टन तथा मई में 4047 टन के साथ पूरी तिमाही में कुल 12,262 टन देसी चना ऑस्ट्रेलिया से मंगाया गया। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में 10,831 टन, बांग्ला देश में 7443 टन तथा नेपाल में 5255 टन चना का आयात हुआ।

इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया से श्रीलंका, कनाडा, इंग्लैंड, तुर्की एवं अमरीका सहित कुछ अन्य देशों को भी थोड़ी-बहुत मात्रा में देसी चना का निर्यात किया गया। चालू वर्ष के दौरान वहां उत्पादन काफी घटने की संभावना है।