मई में ऑस्ट्रेलिया से 53 हजार टन से अधिक मसूर का आयात

06-Jul-2026 08:13 PM

मेलबोर्न। ऑस्ट्रलिया से भारत को मार्च में 4933 टन तथा अप्रैल में महज 2275 टन मसूर का निर्यात किया गया था क्योंकि उस समय भारत में नई घरेलू फसल की जोरदार आवक हो रही थी और कीमतों पर कुछ हद तक दबाव बना हुआ था।

लेकिन मई 2026 में आपूर्ति की रफ्तार धीमी पड़ने से यहां ऑस्ट्रेलियाई मसूर का आयात तेजी से बढ़कर 53,444 टन पर पहुंच गया और इसकी वजह से मार्च-मई 2026 की तिमाही के दौरान मसूर का कुल आयात बढ़कर 60,652 टन पर पहुंच गया। 

इसके बावजूद भारत ऑस्ट्रेलियाई मसूर के आयात में बांग्ला देश श्रीलंका के बाद तीसरे नंबर पर रहा। समीक्षाधीन तिमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से बांग्ला देश को सर्वाधिक 1.09 लाख टन से ज्यादा तथा श्रीलंका को लगभग 80 हजार टन मसूर का निर्यात किया गया।

उपरोक्त तीन देशों के अलावा ऑस्ट्रेलिया ने मार्च-मई 2026 के दौरान संयुक्त अरब अमीरात को 41,923 टन, पाकिस्तान को 37,046 टन नेपाल को 25,520 टन, मिस्र को 8712 टन तथा मलेशिया को 2950 टन मसूर का निर्यात किया। इस तिमाही में ऑस्ट्रेलिया से कुल करीब 3.66 लाख टन मसूर का शिपमेंट हुआ।