खाद्य तेल बाजार: पाम तेल मजबूत, सोया तेल में करेक्शन की उम्मीद, सूरजमुखी तेल महंगा
06-Jul-2026 07:13 PM
पाम आयल
अंतरराष्ट्रीय खाद्य तेल बाजार में पाम तेल को 4,450 रिंगिट प्रति टन के स्तर पर मजबूत समर्थन मिल रहा है। इंडोनेशिया के B50 बायोडीजल कार्यक्रम से घरेलू आपूर्ति सीमित रहने की संभावना है, जिससे कीमतों में बड़ी गिरावट की उम्मीद कम है। भारत के लिए सीपीओ के सौदे 1,220-1,230 डॉलर प्रति टन CNF के आसपास हो रहे हैं। कमजोर मानसून के कारण भारत में खाद्य तेलों की मांग और आयात बढ़ सकते हैं, जिससे पाम तेल को अतिरिक्त समर्थन मिल सकता है।
सोयातेल
सोयाबीन तेल में सोमवार को सीबीओटी पर तेजी रही, लेकिन विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिकी मौसम अनुकूल रहने और पाम तेल में ऊपरी स्तरों पर प्रतिरोध के कारण आगे करेक्शन की संभावना बनी हुई है। भारत के लिए सीएनएफ भाव 1,230 डॉलर प्रति टन से नीचे आने पर खरीदारी बेहतर मानी जा रही है, जबकि 1,275-1,300 डॉलर के स्तर पर बिकवाली की सलाह दी जा रही है।
सन आयल
सूरजमुखी तेल के भारत के लिए ऑफर लगभग 1,460 डॉलर प्रति टन पर बने हुए हैं। यूक्रेन और रूस में नई फसल की अच्छी बुवाई से आगे चलकर कीमतों पर दबाव आ सकता है, लेकिन फिलहाल भारत में सीमित उपलब्धता के कारण हाजिर बाजार मजबूत बना हुआ है। यदि पुरानी फसल के भाव 1,400 डॉलर प्रति टन तक आते हैं, तो आयातकों की खरीदारी फिर बढ़ सकती है।
