कर्नाटक में गन्ना का मूल्य 3300 रुपए प्रति टन निर्धारित

10-Nov-2025 12:02 PM

बेलागवी। कर्नाटक में 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन के लिए गन्ना का उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) 3000 रुपए प्रति टन नियत किया गया था लेकिन उत्पादक इससे संतुष्ट नहीं थे वे चाहते थे कि गन्ना का मूल्य कम से कम 3500 रुपए प्रति टन नियत किया जाए।

अपनी इस मांग के साथ उत्तरी कर्नाटक में बेलागवी, बगलकोट, विजयपुरा एवं हावेरी जैसे जिलों के प्रमुख उत्पादक इलाकों में गन्ना किसान पिछले कुछ दिनों से भारी विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

अंतर राज्य सरकार के हस्तक्षेप के बाद चीनी मिलर्स गन्ना का दाम 100 रुपए बढ़ाकर 3300 रुपए प्रति टन नियत करने पर सहमत हो गए और इसकी घोषणा होने के बाद किसानों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया।  

कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि 3200 रुपए प्रति टन के एफआरपी से ऊपर गन्ना किसानों को 100 रुपए का अतिरिक्त मूल्य दिया जाएगा

उसमें चीनी मिलों एवं राज्य सरकार का योगदान 50-50 रुपए का रहेगा। गन्ना के इस एफआरपी में फसल कटाई एवं ढुलाई (परिवहन) का खर्च शामिल नहीं होगा। 

उल्लेखनीय है की कर्नाटक देश में गन्ना एवं चीनी का तीसरा सबसे बड़ा उत्पादक राज्य है। उसके उत्तरी भाग में गन्ना की खेती बड़े पैमाने पर होती है।

इस बार राज्य में गन्ना का रकबा बढ़ा है और फसल की हालत काफी अच्छी बताई जा रही है जिससे चीनी के उत्पादन में भारी बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है।

चीनी मिलों द्वारा गन्ना किसानों को 3250 रुपए प्रति टन का मूल्य दिया जाएगा जबकि राज्य सरकार भी 50 रुपए प्रति टन का भुगतान करेगी। इस बार राज्य में गन्ना की कुल क्रशिंग बढ़कर 6 करोड़ टन से ऊपर पहुंच जाने की उम्मीद है।