साप्ताहिक समीक्षा-मटर

14-Mar-2026 09:19 PM

साप्ताहिक समीक्षा-मटर  

लिवाली बेहतर होने से मटर की कीमतों मे तेजी     

कानपुर। चालू सप्ताह के दौरान मटर बाजार में मजबूती का रुख देखने को मिला है। पिछले दिनों कीमतों में आई गिरावट के बाद घटे भावों पर बिकवाली शांत पड़ गई, जबकि दूसरी ओर मांग बेहतर बनी रहने से बाजार में लिवाली बढ़ी। इसके परिणामस्वरूप सप्ताह भर के दौरान मटर की कीमतों में तेजी का रुख बना रहा। व्यापारियों के अनुसार सफेद मटर की बुवाई इस वर्ष अपेक्षाकृत कमजोर रही है, जिसके कारण उत्पादक मंडियों में नई फसल की आवक का दबाव अभी तक नहीं बन पाया है। सीमित आवक के बीच स्टॉकिस्टों और दाल मिलर्स की मांग धीरे-धीरे बढ़ने लगी है, जिससे बाजार में कीमतों को समर्थन मिल रहा है। घटे भावों पर व्यापारियों द्वारा माल उठाए जाने से बाजार का रुख मजबूत बना हुआ है। बाजार जानकारों का कहना है कि मौजूदा मंडी आवक और खेतों की स्थिति को देखते हुए इस वर्ष सफेद मटर का घरेलू उत्पादन पिछले वर्ष की तुलना में काफी कम रहने की संभावना है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार उत्पादन में लगभग 50 प्रतिशत तक की कमी देखी जा सकती है। दूसरी ओर इस समय उत्पादक क्षेत्रों की मंडियों में हरी मटर की आवक जोरदार तरीके से हो रही है। किसानों द्वारा हरी मटर की बिक्री अधिक की जा रही है, जिससे मंडियों में इसकी उपलब्धता बढ़ी हुई है। हालांकि सफेद मटर की सीमित आवक और बेहतर मांग के कारण बाजार में तेजी का माहौल बना हुआ है। आई ग्रेन इंडिया का मानना है कि यदि आने वाले समय में भी सफेद मटर की आवक सीमित बनी रहती है और मांग का स्तर मजबूत रहता है, तो कीमतों में मजबूती बनी रह सकती है।

कनाडा 

कनाडा की सरकारी एजेंसी स्टैट्समैन के जारी आंकड़ों के अनुसार वहां से मटर के निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। दिसंबर 2025 के दौरान जहां कनाडा से कुल 1,25,111 टन मटर का निर्यात किया गया था, वहीं जनवरी 2026 में यह बढ़कर 1,90,480 टन पर पहुंच गया। इससे स्पष्ट होता है कि नए साल की शुरुआत के साथ ही वैश्विक बाजार में कनाडाई मटर की आपूर्ति में तेजी आई है। आंकड़ों के मुताबिक जनवरी माह में कनाडा से भारत को भी बड़ी मात्रा में पीली मटर का निर्यात किया गया। इस दौरान भारत को कुल 81,697 टन पीली मटर भेजी गई। भारत मटर के प्रमुख आयातक देशों में शामिल है, इसलिए कनाडा से आने वाली आपूर्ति का असर घरेलू बाजार पर भी देखने को मिलता है।

आयातकों की बिकवाली कमजोर पड़ने व लिवाली  बढ़ने से चालू सप्ताह के दौरान आयातित मटर की कीमतों में 50/75 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज की गई  और इस बढ़ोतरी के साथ सप्ताहांत में मुंबई बंदरगाह पर कनाडा मटर के भाव 4025 रुपये प्रति क्विंटल तथा रूस मटर के भाव 3925 रुपये प्रति क्विंटल पर हो  गए। इसी तरह मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा मटर के भाव लगभग 4000 रुपये प्रति क्विंटल तथा रूस मटर के भाव 390 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किए गए। इस प्रकार घरेलु बाजार में भी तेजी का रुख रहा। कानपुर में मटर के भाव इस सप्ताह 200 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी के साथ सप्ताहांत में लगभग 4250/4300 रुपये प्रति क्विंटल हो  गए। इसी प्रकार मजबूत मांग के चलते ललितपुर मंडी में मटर के भाव 300 रुपये प्रति क्विंटल  का उछाल दर्ज किया गया और इस उछाल के साथ भाव सप्ताहांत में 3700/4300 रुपये प्रति क्विंटल पर आ गए। महोबा मंडी में भी इस सप्ताह 200 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गई और भाव बढ़कर 3800/4400 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गए। मांग बेहतर बनी रहने से राठ मटर  तेजी का रुख देखने को मिला जहां इस सप्ताह 300 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी के साथ भाव सप्ताहांत में 4100/4300 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। वहीं उरई मंडी में भी करीब 200 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़त दर्ज की गई और भाव बढ़कर 3900/4150 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। चौतरफा तेजी के समर्थन व मांग मजबूत बनी रहने से मध्य प्रदेश मटर की कीमतों में इस साप्ताह 200/400 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी और इस तेजी के साथ भाव सप्ताहंत में दमोह 3750/4250 रुपए व बीना 3500/3900 रुपए प्रति क्विंटल  हो गए। 

मटर दाल  

मटर की तेजी के समर्थन  व मांग बढ़ने से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में 100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी देखी गयी और सप्ताहंत में भाव कानपुर 4500/4700 रुपए व इंदौर 4600/4800 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।