अलनीनो की वजह से भारतीय एवं वैश्विक चीनी उत्पादन में कमी आने का अनुमान
20-May-2026 01:35 PM
नई दिल्ली। इंटरनेशनल शुगर ऑर्गनाइजेशन (आई एम ओ) ने 2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन के दौरान विश्व स्तर पर 18.20 करोड़ टन चीनी का उत्पादन एवं 17.98 करोड़ टन का उपयोग होने का अनुमान लगाया है इस तरह करीब 22 लाख टन चीनी का अधिशेष उत्पादन होगा। लेकिन 2026-27 के सीजन में यह अधिशेष उत्पादन घटकर 2.62 लाख टन रह जाने की संभावना व्यक्त की गई है। इसके तहत एक तरफ चीनी का उत्पादन घटने और दूसरी ओर उपयोग (खपत) कुछ बढ़ने का अनुमान लगाया गया है।
दरअसल इस वर्ष अलनीनो मौसम चक्र के प्रकोप से भारत, थाईलैंड एवं ऑस्ट्रेलिया जैसे देशो में वर्षा कम होने की संभावना है जिससे गन्ना की फसल को नुकसान हो सकता है और इसकी पैदावार में गिरावट आ सकती है। चीनी मिलो को कम मात्रा में कच्चा माल प्राप्त होगा।
उधर दुनिया में चीनी के सबसे प्रमुख उत्पादक एवं निर्यातक देश-ब्राजील में इस वर्ष एथनॉल निर्माण में गन्ना का उपयोग काफी बढ़ने की संभावना है जिससे चीनी का उत्पादन कुछ घट सकता है जहां तक यूरोपीय संघ की बात है तो वहां गन्ना के बजाय चुकंदर से चीनी का निर्माण होता है। वहां किसानो को आकर्षण मूल्य नहीं मिलने से इस वर्ष चुकंदर के उत्पादन में काफी कमी आने की संभावना है जिससे चीनी का उत्पादन प्रभावित होगा। भारत में 2025-26 सीजन के दौरान चीनी के उत्पादन में उम्मीद से काफी कम वृद्धि हुई।
