वाशिम में सामान्य बारिश, तुवर की बुवाई पिछले वर्ष के बराबर; मूंग-उड़द का रकबा घटा, हल्दी की खेती में बढ़ी रुचि
10-Jul-2026 12:40 PM
वाशिम (महाराष्ट्र): वाशिम क्षेत्र में इस वर्ष मानसून की स्थिति अब तक सामान्य बनी हुई है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई सुचारु रूप से जारी है। व्यापारिक सूत्रों के अनुसार तुवर (अरहर) की बुवाई लगभग पिछले वर्ष के समान स्तर पर हुई है, जिससे इस फसल की स्थिति फिलहाल संतोषजनक मानी जा रही है।
इसके विपरीत, मूंग और उड़द की बुवाई में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। जानकारी के अनुसार इन दोनों दलहनी फसलों का रकबा गत वर्ष की तुलना में करीब 50 प्रतिशत कम है। किसानों का रुझान इस बार दलहनों की बजाय अधिक लाभ देने वाली नकदी फसलों की ओर देखने को मिल रहा है।
विशेष रूप से हल्दी की खेती के प्रति किसानों का आकर्षण बढ़ा है। व्यापारिक सूत्रों के अनुसार इस वर्ष हल्दी की बुवाई पिछले वर्ष की तुलना में 30 से 40 प्रतिशत अधिक हुई है। बेहतर भाव की उम्मीद और अनुकूल बाजार संभावनाओं के कारण किसानों ने हल्दी का रकबा बढ़ाया है।
व्यापारिक जानकारों का मानना है कि यदि आगामी दिनों में मानसून सामान्य बना रहता है तो खरीफ फसलों की बढ़वार अच्छी रहने की संभावना है। वहीं, मूंग और उड़द के घटते रकबे का असर आगे चलकर इन फसलों की उपलब्धता और बाजार भाव पर देखने को मिल सकता है।
