अगली फसल पर बाजार की नजर होने से मसूर का कारोबार सुस्त
10-Jul-2026 01:25 PM
रेगिना। पश्चिमी कनाडा में मसूर का कारोबार पिछले कुछ दिनों से सुस्त देखा जा रहा है जिससे कीमतों में काफी हद तक स्थिरता बनी हुई है। कनाडा में मसूर की बिजाई समाप्त हो चुकी है और अगले महीने (अगस्त) से नई फसल की कटाई-तैयारी शुरू होने वाली है।
यद्यपि इस बार मसूर के बिजाई क्षेत्र में कुछ कमी आई है। जिससे उत्पादन घट सकता है मगर पिछला बकाया स्टॉक ज्यादा होने से आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति सुगम बनी रहेगी।
उधर ऑस्ट्रेलिया में मसूर का उत्पादन तेजी से उछलकर नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया जा रहा है जिससे कनाडा को वैश्विक निर्यात बाजार में उसकी सख्त प्रतिस्पर्धा एवं कठिन चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। रूस एवं कजाकिस्तान में भी उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद है। इससे वैश्विक बाजार में आपूर्ति का संकट नहीं रहेगा।
कनाडा में तात्कालिक डिलीवरी के लिए नम्बर 1 ग्रेड की छोटी हरी मसूर का भाव 18 सेंट प्रति पौंड तथा नम्बर 2 श्रेणी की मोटी हरी मसूर का एफओबी फॉर्म मूल्य 24 सेंट प्रति पौंड चल रहा है जबकि इसमें मांग सीमित देखी जा रही है। आगामी नई फसल के लिए मोटी हरी मसूर की थोड़ी-बहुत खरीदारी हो रही है जिससे अनुबंध मूल्य 24 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर बना हुआ है।
