कनाडा में काबुली चना की फसल पर कीड़ों-रोगों के प्रकोप की आशंका
10-Jul-2026 03:35 PM
विनीपेग। यद्यपि कनाडा में काबुली चना की बिजाई समाप्त हो चुकी है और इसका रकबा भी लगभग सामान्य रहा है लेकिन दोनों प्रमुख उत्पादक राज्यों- सस्कैचवान एवं अल्बर्टा में इसकी फसल पर कीड़ों-रोगों के गंभीर प्रकोप की आशंका बनी हुई है।
काबुली चना के दाम में पिछले कुछ दिनों से उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। चालू मार्केटिंग सीजन (अगस्त 2025-जुलाई 2026) के शुरुआती 10 महीनों में इसका निर्यात प्रदर्शन बेहतर रहा जिससे कीमतों में कुछ हद तक मजबूती या स्थिरता बनी रही जबकि दूसरी ओर शानदार उत्पादन एवं ऊंचे स्टॉक के कारण बाजार भाव पर दबाव भी बना रहा।
यद्यपि कनाडा में भारी वर्षा के बाद अब तापमान ऊंचा होने लगा है लेकिन कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि खेतों में जमा पानी को सुखाने के लिए और अधिक गर्मी की आवश्यकता है अन्यथा फसल को हानिकारक कीड़ों-रोगों से खतरा बढ़ जाएगा।
वहां औसत तापमान 15 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है जबकि दिन में कहीं-कहीं यह बढ़कर 20 से 30 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है। कम धूप मिलने पर फसल की प्रगति में बाधा पड़ने तथा उपज दर नीचे रहने की आशंका है। कनाडा में किसानों के पास काबुली चना का अच्छा खासा स्टॉक अभी मौजूद है।
