दस वर्षों में किसानों की आमदनी दोगुने से ज्यादा बढ़ने का दावा
21-May-2026 05:15 PM
नई दिल्ली। नीति आयोग ने दावा किया है कि पिछले एक दशक के दौरान भारतीय किसानों की आमदनी में दोगुने से ज्यादा का इजाफा हुआ है। वर्ष 2016-17 में प्रधानमंत्री ने किसानों की आय दोगुना बढ़ाने का नारा दिया था और सरकार ने तभी से इस दिशा में जोरदार प्रयास आरंभ कर दिया था। अगले कुछ वर्षों में ही यह लक्ष्य हासिल कर लिया गया जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई।
नीति आयोग के अनुसार पिछले 10 वर्षों के दौरान सभी सूचीबद्ध फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में जोरदार वृद्धि की गई और सरकारी एजेंसियों द्वारा इस बढ़े हुए एमएसपी पर किसानों से विशाल मात्रा में इसकी खरीद भी की गई।
धान और गेहूं की सरकारी खरीद प्रत्येक वर्ष नियमित रूप से होती रही है जबकि इस अवधि में दलहन, तिलहन एवं कपास की भी विशाल खरीद हुई। गन्ना के उचित एवं लाभप्रद मूल्य (एफआरपी) में नियमित रूप से इजाफा होता रहा और उसके बकाए का भुगतान सही समय पर सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए।
दलहन फसलों में चना, मसूर, तुवर, उड़द एवं मूंग तथा तिलहन फसलों में सरसों, सोयाबीन एवं मूंगफली की भारी खरीद किए जाने से किसानों को मूल्य समर्थन योजना का व्यापक लाभ हासिल हुआ।
यह सही है कि इस अवधि के दौरान विभिन्न फसलों के उत्पादन खर्च में बढ़ोत्तरी हुई लेकिन सरकार ने सब्सिडी के माध्यम से रासायनिक उवर्रकों का दाम स्थिर रखते हुए लागत खर्च को नियंत्रित करने का जोरदार प्रयास किया।
