महाराष्ट्र में तापमान बढ़ने से फसलों को हो सकता है नुकसान
21-May-2026 05:33 PM
पुणे। मौसम विभाग ने 23 मई तक के लिए उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश एवं विदर्भ संभाग में अत्यन्त भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अल नीनो की वजह से महाराष्ट्र में तापमान बढ़ने तथा वर्षा कम होने से आगामी खरीफ फसलों के साथ-साथ फलों एवं सब्जियों की फसल को भी नुकसान हो सकता है।
मौसम विभाग ने कहा है कि 5-6 जून तक मानसून मुम्बई पहुंच सकता है लेकिन यदि अरब सागर में साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनता है तो मानसून के आने में देर हो सकती है।
मौसम विभाग के क्षेत्रीय निदेशक का कहना है कि महाराष्ट्र में फसलों को कम बारिश के मुकाबले ऊंचे तापमान से ज्यादा खतरा हो सकता है। महाराष्ट्र में अधिकांशतः ऐसी फसलों की खेती होती है जो वर्षा की कमी को कई दिनों तक झेल सकती है लेकिन भीषण गर्मी के साथ बारिश के अभाव को बर्दाश्त करने की उसमें बहुत कम क्षमता होती है।
खरीफ सीजन के दौरान इस राज्य में मुख्यतः अरहर (तुवर), सोयाबीन, कपास एवं गन्ना आदि की खेती होती है। इसके अलावा ज्वार, बाजरा तथा मक्का का भी उत्पादन होता है। धान की खेती सीमित क्षेत्रफल में होती है जिसे पानी की सर्वाधिक जरूरत पड़ती है। अल नीनो के प्रभाव से इस बार राष्ट्रीय स्तर पर वर्षा होने की संभावना है।
