तेलंगाना सरकार द्वारा केन्द्र से दलहन एवं मक्का की पूरी खरीद का आग्रह
03-Sep-2026 05:56 PM
हैदराबाद। तेलंगाना सरकार ने केन्द्र से राज्य में खरीफ कालीन दलहनों, मक्का एवं ज्वार की शत-प्रतिशत विपणन योग्य मात्रा की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। इसके साथ-साथ ऑयल पाम के लिए भी 25,000 रुपए प्रति टन के न्यूनतम गारंटी मूल्य की मांग भी की गई है। तेलंगाना सरकार चाहती है कि केन्द्र तिलहनों की पूरी खरीद भी सुनिश्चित करे ताकि किसानों को राहत मिल सके।
तेलंगाना के कृषि मंत्री ने कहा है कि केन्द्र सरकार को दलहन एवं तिलहन फसलों की खरीद की सीमा को 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 100 प्रतिशत नियत करनी चाहिए। उनका कहना था कि खरीद की मात्रा बढ़ने से किसानों को दलहन-तिलहन का लाभप्रद मूल्य प्राप्त होगा और इसके उत्पादन संवर्धन के प्रति उसका उत्साह बढ़ेगा। किसानों को औने-पौने दाम पर अपना माल बेचने की चिंता नहीं रहेगी।
तेलंगाना के कृषि विभाग द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि केन्द्रीय कृषि मंत्री ने आश्वासन दिया है कि केन्द्र सरकार दलहनों-तिलहनों की खरीद करेगी और ज्वार तथा मक्का की खरीद के लिए सम्बन्धित मंत्री के समक्ष यह मुद्दा उठाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि कृषि मंत्रालय की अधीनस्थ एजेंसियां न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों से केवल दलहन, तिलहन एवं कोपरा की खरीद करती हैं जबकि धान, गेहूं एंव मोटे अनाजों की खरीद खाद्य मंत्रालय की एजेंसी यानी भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) द्वारा की जाती है।
तेलंगाना के कृषि मंत्री ने केन्द्र से ऑयल पाम के ताजे फलों के गुच्छे (एफएफबी) का न्यूनतम गारंटी मूल्य 25,000 रुपए प्रति टन निर्धारित करने पर भी विचार करने का आग्रह किया है ताकि इसकी फसल को अधिक आकर्षक बनाया जा सके। इसके अलावा तेलंगाना में एक क्षेत्रीय ऑयल पाम अनुसन्धान केन्द्र स्थापित करने की मांग भी की गई है ताकि इसके उत्पादन को विशेष प्रोत्साहन मिल सके।
