पीली मटर की लिवाली में खरीदारों की दिलचस्पी बढ़ी
03-Sep-2026 05:28 PM
रेगिना। पश्चिमी कनाडा के सस्कैचवान एवं अल्बर्ट जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में मटर फसल की जोरदार कटाई-तैयारी अभी जारी है और खरीदार खासतौर से पीली मटर की लिवाली में थोड़ी-बहुत दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
इसके फलस्वरूप सितम्बर मूवमेंट के लिए पीली मटर का एफओबी फार्म मूल्य मजबूत होकर 8 डॉलर प्रति बुशेल पर पहुंच गया है जबकि हरी मटर का दाम 8.00-8.50 डॉलर प्रति बुशेल के बीच स्थिर बना हुआ है। भाव मजबूत होने से पीली मटर की बिक्री में उत्पादक अच्छी सक्रियता दिखा रहे हैं। मापले मटर का बाजार शांत और भाव 9.00-9.50 डॉलर प्रति बुशेल पर स्थिर बना हुआ है।
हरी मटर एवं मापले मटर की बिक्री में उत्पादक ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं क्योंकि मौजूदा मूल्य स्तर उसकी उम्मीद के अनुरूप नहीं है। आरंभिक रिपोर्ट से संकेत मिलता है कि पीली मटर का उत्पादन पूर्व अनुमान से कम हो सकता है।
इसकी औसत उपज दर भी 4-5 बुशेल प्रति एकड़ तक नीचे रहने की संभावना है। पिछले कुछ सप्ताहों से भारत में भी पीली मटर के दाम में मजबूती का रूख देखा जा रहा है जिससे कनाडाई बाजार को समर्थन मिल रहा है। पीली मटर का निर्यात प्रदर्शन बेहतर होने की उम्मीद की जा रही है मगर अन्य किस्मों में अनिश्चितता बनी हुई है।
