शीघ्र ही देश में दस्तक दे सकता है मानसून

02-Jun-2026 12:38 PM

नई दिल्ली। पिछले दिन भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पूरे विश्वास से कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून अगले 2-3 दिनों में केरल के दक्षिणी तट पर पहुंच सकता है क्योंकि इसके लिए तमाम मौसमी परिस्थितियां अनुकूल होने लगी हैं। पश्चिमी विक्षोभ की प्रतिगामी हवा का प्रवाह कमजोर पड़ने के बाद मानसून तेजी से आगे बढ़ सकता है। 

वैसे आईएमडी ने चालू वर्ष के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के कमजोर रहने और दीर्घकालीन औसत के मुकाबले वर्षा 90 प्रतिशत ही होने का अनुमान व्यक्त किया है। इसे देखते हुए केन्द्र सरकार ने फसल मौसम निगरानी तथा संकट प्रबंधन समूहों का गठन किया है तथा राज्यों को आपदा कालीन योजना तैयार करने के लिए कहा है। 

आमतौर पर मानसून का सीजन 1 जून से आरंभ हो जाता है। इस वर्ष मौसम विभाग ने 26 मई को भारत में मानसून के पहुंचने की संभावना व्यक्त की थी लेकिन मौसमी बाधाओं के कारण यह उस समय नहीं आ सका। अब मानसून के आने की तारीख 4 जून तक निश्चित की गई है।

अभी मानसून उत्तरी श्रीलंका, लक्ष्यद्वीप, कन्याकुमारी से कुछ दूर बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय है इसलिए भारत पहुंचने में इसे ज्यादा देर नहीं होनी चाहिए। मानसून की वर्षा खरीफ फसलों के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण मानी जाती है जिसमें धान, कपास गन्ना, उड़द, तुवर, मूंग, सोयाबीन, मूंगफली एवं मक्का आदि शामिल है।