म्यांमार से उड़द एवं तुवर का निर्यात गत वर्ष से पीछे
02-Jun-2026 10:48 AM
रंगून। भारत के पूर्वोत्तर पड़ोसी देश- म्यांमार से इस वर्ष उड़द एवं तुवर का निर्यात गत वर्ष से कुछ पीछे चल रहा है। उद्योग-व्यापार संगठनों के आंकड़ों से पता चलता है कि चालू वर्ष के शुरूआती पांच महीनों में यानी जनवरी-मई 2026 के दौरान म्यांमार से 3,25,491 टन उड़द का निर्यात हुआ जो गत वर्ष के इन्हीं महीनों के शिपमेंट 3,69,471 टन से 43,980 टन कम है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 की सम्पूर्ण अवधि में म्यांमार से कुल 8.46 लाख टन उड़द का निर्यात हुआ था जो वर्ष 2024 के कुल शिपमेंट 9.04 लाख टन से कम था। म्यांमार से उड़द का अधिकांश निर्यात भारत को होता है जहां इस बार मांग कुछ कमजोर देखी जा रही है।
जहां तक तुवर का सवाल है तो जनवरी-मई 2026 के पांच महीनों में म्यांमार से इसका कुल निर्यात घटकर 1,05,793 टन पर अटक गया जो 2025 के इन्हीं महीनों के शिपमेंट 153097 टन से करीब 47 हजार टन कम रहा। जनवरी-दिसम्बर 2025 के दौरान म्यांमार से कुल मिलाकर लगभग 3.66 लाख टन तुवर का निर्यात हुआ था
जबकि वर्ष 2024 की पूरी अवधि में इसकी मात्रा 3 लाख टन के आसपास रही थी। म्यांमार से तुवर का सर्वाधिक निर्यात भी भारत को ही किया जाता है। मई 2025 के दौरान म्यांमार से करीब 65 हजार टन उड़द तथा 17 हजार टन से कुछ अधिक तुवर का निर्यात शिपमेंट किया गया।
