स्टॉक की बिक्री बढ़ाने हेतु रूई के आरक्षित मूल्य में कटौती
11-Feb-2026 05:44 PM
मुम्बई। अंतर्राष्ट्रीय बाजार भाव में जारी नरमी के माहौल को देखते हुए सरकारी एजेंसी भारतीय कपास निगम (सीसीआई) ने अपने स्टॉक में मौजूद रूई के न्यूनतम आरक्षित मूल्य में 1400-1700 रुपए प्रति कैंडी (356 किलो) की कटौती कर दी है ताकि इसकी खरीद के प्रति उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र का उत्साह और आकर्षण बढ़ सके।
इसी तरह निगम ने खरीदी जाने वाली रूई के उठाव हेतु खरीदारों के लिए समय सीमा को भी 80 दिन से घटाकर 30 दिन नियत कर दिया है। इससे खरीदारों को जल्दी-जल्दी उठाव करने का अवसर मिलेगा।
निगम के सीएमडी का कहना है कि वैश्विक बाजार भाव के अनुरूप रूई की बिक्री मूल्य में कटौती की गई है। 2025-26 सीजन के दौरान सीसीआई द्वारा खरीदी गई रूई की बिक्री 19 जनवरी 2026 से आरंभ हुई थी और निगम को अभी तक करीब 4 लाख गांठ (170 किलो की प्रत्येक गांठ) रूई की बिक्री करने में सफलता मिल चुकी है। उद्योग-व्यापार क्षेत्र द्वारा इस बार सरकारी रूई की खरीद में कम दिलचस्पी दिखाई जा रही है।
2025-26 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) के दौरान किसानों से सीसीआई द्वारा कपास की कुल खरीद 93 लाख गांठ पर पहुंच चुकी है और फरवरी 2026 के अंत तक खरीद की प्रक्रिया जारी रहेगी।
तेलंगाना, महाराष्ट्र एवं गुजरात जैसे प्रांतों में कपास की सरकारी खरीद की प्रक्रिया अभी बरकरार है। मंडियों में कपास की आवक निरंतर जारी है और उद्योग पहले वही से खरीद करना पसंद करेंगे। फिलहाल मंडियों में 1.25-1.50 लाख गांठ कपास की रोजाना आवक हो रही है। मार्च के बाद सरकारी रूई की बिक्री तेजी से बढ़ सकती है।
