लग्नसरा की मांग से चीनी में कुछ सुधार के आसार
11-Feb-2026 05:57 PM
नई दिल्ली। गन्ना की जोरदार क्रशिंग जारी रहने से चीनी के उत्पादन एवं स्टॉक में अच्छी बढ़ोत्तरी हो रही है और सरकार द्वारा सामान्य फ्री सेल कोटा निर्धारित किए जाने से इसकी कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव भी नहीं देखा जा रहा है।
फरवरी के लिए 22.50 लाख टन की घरेलू बिक्री का कोटा चीनी के दाम पर काफी दबाव डाल सकता था क्योंकि इस माह में केवल 28 दिन होने वाले हैं जो जनवरी या मार्च की तुलना में 3 दिन कम हैं। लेकिन फिलहाल लग्नसरा एवं मांगलिक उत्सवों का समय चल रहा है और तापमान भी बढ़ने लगा है। इससे चीनी की घरेलू एवं औद्योगिक मांग निकलने के संकेत मिल रहे हैं।
दिसम्बर-जनवरी में बेहद ठंडे मौसम एवं गुड़ के बेहतर उत्पादन के कारण चीनी की मांग कमजोर रही और इसलिए एक्स फैक्टरी मूल्य तथा हाजिर बाजार भाव में ज्यादा तेजी नहीं देखी गई।
महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे अग्रणी उत्पादक राज्यों में तो चीनी का एक्स फैक्टरी बिक्री मूल्य घटकर लागत खर्च से भी नीचे आ गया लेकिन उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, मध्य प्रदेश एवं पंजाब जैसे राज्यों में कीमत अपेक्षाकृत ऊंची रही। होली महापर्व तक चीनी में लग्नसरा एवं त्यौहारी मांग बरकरार रहने की उम्मीद है
जबकि उसके बाद गर्मी का मौसम पीक की तरफ बढ़ने लगेगा। गर्मी के दिनों में चीनी की मांग एवं खपत बढ़ने की रही है जबकि मार्च के बाद उत्पादन तेजी से घटने लगता है। आगामी समय में चीनी का दाम काफी हद तक स्थिर या कुछ मजबूत रहने की उम्मीद की जा सकती है।
