अक्टूबर-दिसम्बर में ऑस्ट्रेलिया से 6.32 लाख टन चना का आयात
11-Feb-2026 05:09 PM
एडिलेड। भारत में ऑस्ट्रेलिया से देसी चना का भारी आयात दिसम्बर में भी जारी रहा और ऑस्ट्रेलियाई सांख्यिकी ब्यूरो के आंकड़ों से पता चलता है कि अक्टूबर-दिसम्बर 2025 की तिमाही में भारत इसका सबसे बड़ा खरीदार बना रहा।
ब्यूरो के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया से भारत को अक्टूबर 2025 में 39,881 टन देसी चना का निर्यात हुआ था जो नवम्बर में उछलकर 2,24,422 टन तथा दिसम्बर 2025 में बढ़कर 3,68,177 टन पर पहुंच गया। इसके फलस्वरूप पूरी तिमाही में चना का कुल निर्यात 6,32,480 टन पर पहुंच गया।
ऑस्ट्रेलिया में एक बार फिर 2025-26 के मौजूदा सीजन में चना का शानदार उत्पादन हुआ है जिससे वहां इसका विशाल निर्यात योग्य स्टॉक मौजूद है और दाम भी प्रतिस्पर्धी स्तर पर चल रहा है। इससे इसके आयात में भारतीय खरीदारों का उत्साह बरकरार है। इधर भारत में चना के बिजाई क्षेत्र में अच्छी बढ़ोत्तरी हुई है और उत्पादन भी बेहतर होने के आसार हैं।
ब्यूरो की रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर-दिसम्बर 2025 की तिमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से कुल मिलाकर करीब 10.60 लाख टन चना का शिपमेंट हुआ जिसके तहत अक्टूबर में 98 हजार टन, नवम्बर में 3.74 लाख टन तथा दिसम्बर में 5.88 लाख टन का निर्यात शामिल था।
इस तिमाही के दौरान ऑस्ट्रेलिया से भारत के अलावा बांग्ला देश को 2.12 लाख टन, पाकिस्तान को 1.60 लाख टन, संयुक्त अरब अमीरात को 33 हजार टन तथा नेपाल को 10 हजार टन चना का निर्यात किया गया जबकि शेष चना का शिपमेंट अन्य देशों को हुआ। ऑस्ट्रेलिया में अब भी चना का भारी-भरकम निर्यात योग्य स्टॉक उपलब्ध है।
