संशोधित लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है गेहूं की सरकारी खरीद
21-May-2026 01:36 PM
नई दिल्ली। केन्द्रीय खाद्य मंत्रालय ने चालू रबी मार्केटिंग सीजन के लिए पहले 303.37 लाख टन गेहूं खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया था मगर बाद में इसे 42 लाख टन बढ़ाकर 345.30 लाख टन नियत कर दिया।
केन्द्रीय पूल के लिए गेहूं की वास्तविक खरीद आरंभिक लक्ष्य से काफी आगे निकलकर नए संशोधित लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रही है। गेहूं की सरकारी खरीद पहले ही पिछले चार वर्षों के उच्चतम स्तर पर पहुंच चुकी है।
पंजाब तथा हरियाणा में केन्द्रीय पूल के लिए गेहूं की खरीद लगभग बंद हो चुकी है मगर मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं राजस्थान में इसकी प्रक्रिया जारी है। केन्द्रीय पूल में ये पांचों राज्यों संयुक्त रूप से 95 प्रतिशत से अधिक गेहूं का योगदान देते हैं।
दिलचस्प तथ्य यह है कि इन पांचों प्रांतों में इस बार गत वर्ष से अधिक गेहूं की सरकारी खरीद हुई है और मंडियों में आवक भी बढ़ी है। इसके अलावा बिहार, उत्तराखंड, गुजरात, चंडीगढ़ एवं हिमाचल प्रदेश में भी थोड़ी बहुत मात्रा में गेहूं खरीदा गया है।
उम्मीद की जा रही है कि 30 जून 2026 को जब रबी मार्केटिंग सीजन औपचारिक तौर पर समाप्त होगा तब गेहूं की कुल सरकारी खरीद संशोधित लक्ष्य के आसपास पहुंच जाएगी। हरियाणा में लक्ष्य हासिल हो चुका है।
