सूरजमुखी तेल के निर्यात में तेजी से आगे बढ़ रहा है अर्जेन्टीना
30-May-2026 01:36 PM
ब्यूनस आयर्स। लैटिन अमरीका में अवस्थित अर्जेन्टीना सोयाबीन तेल का सबसे प्रमुख निर्यातक देश पहले से ही बना हुआ है जबकि अब वह सूरजमुखी तेल के निर्यात में भी तेजी से आगे बढ़ता जा रहा है। इससे भविष्य में काला सागर क्षेत्र के शीर्ष उत्पादक एवं निर्यातक देशों- यूक्रेन, रूस तथा रोमानिया आदि के लिए चुनौती बढ़ने की संभावना है।
सूरजमुखी तेल के वैश्विक निर्यात बाजार में अर्जेन्टीना की भागीदारी 2016-17 में 7 प्रतिशत थी जो 2024-25 में बढ़कर 10 प्रतिशत पर पहुंच गई। अमरीकी कृषि विभाग (उस्डा) ने 2026-27 में उसकी भागीदारी बढ़कर 13 प्रतिशत पर पहुंचने का अनुमान लगाया है।
वैसे 33 प्रतिशत की भागीदारी के साथ यूक्रेन प्रथम स्थान पर तथा 31 प्रतिशत की भागीदारी के साथ रूस दूसरे नम्बर पर बरकरार है। अर्जेन्टीना इन दोनों देशों के वर्चस्व को चुनौती देने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहा है।
दरअसल इन तीनों देशों का ध्यान भारत पर केन्द्रित है क्योंकि यह संसार में सूरजमुखी तेल का सबसे प्रमुख आयातक देश बन गया है।
पहले भारतीय बाजार पर यूक्रेन का वर्चस्व था मगर अब रूस उससे काफी आगे निकल गया है। अर्जेन्टीना भी यूक्रेन से आगे निकलने की कोशिश कर रहा है।
