साप्ताहिक समीक्षा-मटर
25-Jul-2026 08:52 PM
सीमित आवक और बेहतर मांग से मटर में तेजी
कानपुर। बिकवाली कमजोर पड़ने और मांग बेहतर रहने से चालू सप्ताह के दौरान मटर की कीमतों में तेजी का रुख रहा। उत्पादक मंडियों में मटर की आवक सीमित बनी हुई है, जिससे बाजार को आपूर्ति पक्ष से मजबूत समर्थन मिल रहा है। चना की कीमतों में जारी तेजी के बीच दाल मिलों ने मटर की खरीद बढ़ाई है, जिससे लिवाली मजबूत होने के साथ भावों में सुधार दर्ज किया गया। व्यापारियों के अनुसार यदि उत्पादक मंडियों में आवक सीमित रहती है और दाल मिलों की मांग बनी रहती है, तो निकट अवधि में मटर की कीमतों में मजबूती का रुख जारी रह सकता है।आयतको की बिकवाली कमजोर पड़ने व लिवाली बेहतर होने से चालू साप्ताह के दौरन आयातित मटर की कीमतों में 75/100 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी और सप्ताहांत में भाव मुंद्रा बंदरगाह पर कनाडा मटर 4125 रुपये तथा रूस मटर 4025 रुपये प्रति क्विंटल हो गए। वहीं हजीरा बंदरगाह पर कनाडा मटर 4150 रुपये और रूस मटर 4050 रुपये प्रति क्विंटल हो गए।
घरेलू मंडियों में भी इस साप्ताह मांग में सुधार दर्ज किया गया। लिवाली बढ़ने से चालू साप्ताह के दौरान कानपूर मटर के भाव 75 रुपए प्रति क्विंटल सुधरकर 4350 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। इसी प्रकार ललितपुर मटर में भी 100 रुपये की तेजी के साथ भाव 3950/4500 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गए। बिकवाली कमजोर पड़ने व लिवाली बढ़ने से उरई व महोबा मंडी में भाव 50-50 रुपए प्रति क्विंटल की तेजी के साथ उरई 3800/4000 रुपए व महोबा 4000/4600 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। इसी प्रकार राठ मटर में भी 100 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़त देखी गयी और इस बढ़त के साथ भाव 4000/4250 रुपए प्रति क्विंटल हो गए। चौतरफा तेजी के समर्थन व मांग में सुधार होने से मध्य प्रदेश की मंडियों में भी मटर के भाव 50 रुपए प्रति क्विंटल सुधरकर बीना 3900/4400 रुपए व दमोह 3800/4300 रुपए प्रति क्विंटल हो गए।
कनाडा
कनाडा के कृषि मंत्रालय की जुलाई रिपोर्ट के अनुसार 2026-27 सीजन में मटर का उत्पादन क्षेत्र करीब 14 प्रतिशत घटकर 12.30 लाख हेक्टेयर रह गया है। औसत उपज रहने पर उत्पादन करीब 31.50 लाख टन रहने का अनुमान है। ऊंचे पुराने स्टॉक के कारण कुल उपलब्धता करीब 41.60 लाख टन रहने की संभावना है, जबकि निर्यात 27 लाख टन अनुमानित है। भारत, चीन और बांग्लादेश प्रमुख खरीदार बने रह सकते हैं। सीजन के अंत में बकाया स्टॉक घटकर 8.10 लाख टन रहने का अनुमान है। वहीं अमेरिका में भी मटर का बिजाई क्षेत्र घटकर 10.50 लाख एकड़ (4.20 लाख हेक्टेयर) रह गया है, जिससे वहां भी उत्पादन घटने की संभावना है।
मटर दाल
लिवाली बढ़ने से से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में 50/100 रुपए प्रति क्विंटल का सुधार दर्ज किया गया और सप्ताहंत में भाव कानपुर 4700/4800 रुपए व इंदौर 4800/4900 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी।
