साप्ताहिक समीक्षा-मटर
28-Feb-2026 08:41 PM
बढ़ती आवक, कमजोर मांग और सक्रिय बिकवाली से मटर बाजार पर दबाव
कानपुर। चालू सप्ताह के दौरान मटर बाजार में गिरावट का रुख देखने को मिला है। बिकवाली का दबाव बढ़ने और मांग कमजोर बनी रहने के कारण कीमतों में नरमी दर्ज की गई। ऊंचे स्तर पर खरीदारी की कमी और सीमित लिवाली के चलते बाजार में मजबूती नहीं बन पाई, जिससे भावों पर लगातार दबाव बना हुआ है। उत्पादक मंडियों में नई मटर की आवक धीरे-धीरे बढ़ने लगी है, जिससे बाजार में उपलब्धता का स्तर मजबूत हो गया है। बढ़ती सप्लाई को देखते हुए स्टॉकिस्टों और आयातकों की बिकवाली भी सक्रिय बनी हुई है। पर्याप्त उपलब्धता और कमजोर उठाव के कारण व्यापारी बड़े स्तर पर खरीदारी से बच रहे हैं और जरूरत के अनुसार ही सौदे कर रहे हैं, जिससे बाजार में मंदी का माहौल बना हुआ है। इस समय प्रमुख उत्पादक क्षेत्रों की मंडियों में हरी मटर की आवक अच्छी बनी हुई है, जिसके कारण थोक बाजार में प्रतिस्पर्धी बिकवाली देखने को मिल रही है। किसानों द्वारा नई फसल की बिक्री बढ़ाने से दैनिक आवक में इजाफा हो रहा है, जिससे कीमतों को समर्थन नहीं मिल पा रहा है। साथ ही तैयार माल में उठाव सामान्य से कमजोर रहने के कारण प्रोसेसिंग और व्यापारिक मांग भी सीमित बनी हुई है।
चीन ने कनाडा से आयात होने वाली येलो पी पर लगा 100% आयात शुल्क 1 मार्च 2026 से दिसंबर 2026 तक हटाने का निर्णय लिया है, जिससे अंतरराष्ट्रीय मटर बाजार में तेजी के संकेत मिले हैं। टैरिफ हटने से कनाडाई मटर चीन के लिए सस्ती हो जाएगी और वहां आयात मांग बढ़ने की संभावना है, क्योंकि चीन फूड प्रोसेसिंग और स्टार्च उद्योग के लिए मटर का बड़ा उपभोक्ता है। चीन की संभावित बढ़ी खरीद से वैश्विक बाजार में मांग मजबूत हो सकती है और सप्लाई पर दबाव बढ़ने से कीमतों को समर्थन मिल सकता है। इसका सकारात्मक प्रभाव भारतीय मटर बाजार पर भी पड़ सकता है, जहां ट्रेडर्स और मिलर्स अब चीन की वास्तविक खरीद पर नजर बनाए हुए हैं।
आयातकों की बिकवाली बनी रहने व लिवाली शांत पड़ने से चालू साप्ताह के दौरान आयातित मटर की कीमतों में 25/50 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी देखी गयी और इस नरमी के साथ भाव सप्ताहांत में मुंबई कनाडा 3950/3975 रुपए रूस 3850/3875 रुपए व मुद्रा कनाडा 3900 रुपए व रूस 3800/3825 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। इसी प्रकार कानपुर मटर की कीमतों में इस साप्ताह 100 रुपए प्रति क्विंटल की मंदी देखी गयी और भाव सप्ताहांत में 4050/4075 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। लिवाली सुस्त पड़ने से ललितपुर मटर की कीमतों में भी इस साप्ताह 50/100 रुपए प्रति क्विंटल गिरावट के साथ भाव सप्ताहंत में 3400/3700 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। इसी प्रकार महोबा मटर में भी इस साप्ताह 50 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी दर्ज की गयी और इस नरमी के साथ भाव सप्ताहंत में 3500/4000 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी। सुस्त मांग के चलते जालौन मटर में भी इस साप्ताह 100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट के साथ भाव सप्ताहांत में 3500/3650 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी। इसी प्रकार उरई मटर मे भी 50 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गयी और इस गिरावट के साथ भाव सप्ताहंत में 3700/3800 रुपए प्रति क्विंटल रह गए। चौतरफा गिरावट असर व मांग कमजोर पड़ने से मध्य प्रदेश मटर की कीमतों में इस साप्ताह 50 रुपए प्रति क्विंटल का क्विंटल का मंदा दर्ज किया गया और इस मंदी के साथ भाव सप्ताहांत में बीना 3400/3500 रुपए व दमोह भी 3400/3700 रुपए प्रति क्विंटल रह गए।
मटर दाल
मटर की गिरावट के असर व मांग कमजोर पड़ने से चालू साप्ताह के दौरान मटर दाल की कीमतों में 100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट देखी गयी और सप्ताहंत में भाव कानपुर 4500/4650 रुपए व इंदौर 4700/4800 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी।
