साप्ताहिक समीक्षा-मसूर

28-Feb-2026 08:31 PM

बढ़ती सप्लाई और कमजोर मांग के दबाव में मसूर बाजार में नरमी     
           
मुम्बई। चालू सप्ताह के दौरान मसूर बाजार में नरमी का रुख देखने को मिला है। उत्पादक मंडियों में नई मसूर की उपलब्धता बढ़ने और मांग कमजोर बनी रहने के कारण कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। बढ़ती आवक के चलते बाजार में सप्लाई का दबाव लगातार मजबूत बना हुआ है, जिससे भावों को समर्थन नहीं मिल पा रहा है। नई फसल की आवक शुरू होते ही स्टॉकिस्टों और आयातकों की बिकवाली भी बढ़ गई है। पर्याप्त उपलब्धता को देखते हुए बड़े खरीदार सीमित लिवाली कर रहे हैं और जरूरत के अनुसार ही खरीदारी कर रहे हैं, जिससे बाजार में मंदी का माहौल बना हुआ है। ऊंचे स्तर पर खरीदारी की कमी और बढ़ती आपूर्ति के संयुक्त प्रभाव से मसूर की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की प्रमुख उत्पादक मंडियों में नई मसूर की आवक धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। किसानों द्वारा नई फसल की बिक्री शुरू करने से मंडियों में दैनिक आवक में इजाफा हो रहा है, जिससे थोक बाजार में प्रतिस्पर्धी बिकवाली देखी जा रही है। साथ ही तैयार माल यानी मसूर दाल में उठाव सामान्य से कमजोर बना हुआ है, जिसके कारण मिलर्स की मांग भी सीमित स्तर पर बनी हुई है।होली के बाद मंडियों में नई मसूर की आवक और तेज हो जाएगी, जिससे सप्लाई दबाव और बढ़ने की संभावना है। यदि मांग में अपेक्षित सुधार नहीं होता है तो बढ़ती आवक के चलते कीमतों पर अतिरिक्त दबाव देखा जा सकता है।
पश्चिम कनाडा में सामान्य कारोबार के दौरान लाल मसूर का प्लांट डिलीवरी मूल्य 1 सेंट गिरकर 25 सेंट प्रति पौंड पर आ गया, जबकि नम्बर-2 हरी मसूर 25-26 सेंट प्रति पौंड पर स्थिर रही। कनाडा में बिजाई से पहले किसानों की सक्रियता बढ़ने और अग्रिम अनुबंध शुरू होने लगे हैं। दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया का भारी निर्यात योग्य स्टॉक, रूस व कजाकिस्तान की सप्लाई तथा भारत में अगले महीने से नई रबी दलहनों की आवक की संभावना के चलते वैश्विक बाजार में कीमतों पर दबाव के साथ स्थिरता का माहौल बना हुआ है।
आयातकों की बिकवाली बनी रहने से चालू साप्ताह के दौरान आयातित मसूर की कीमतों में 25/50 रुपए प्रति क्विंटल की नरमी देखी गयी और इस नरमी के साथ सप्ताहंत में भाव मुंद्रा 5500/5525 रुपए हजीरा 5550 रुपए व कंटेनर कनाडा 5750/5800 रुपए व ऑस्ट्रेलिया 5800 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी। जबकि कोलकाता मसूर की कीमतों में भी इस साप्ताह कोई तेजी मंदी नहीं देखी गयी और भाव सप्ताहांत में ऑस्ट्रेलिया 5600/5650 रुपए व कनाडा 5550/5600 रुपए प्रति क्विंटल पर स्थिर रह गए।  
दिल्ली 
लिवाली बढ़ने से चालू साप्ताह के दौरान दिल्ली बड़ी मसूर में 50 रुपए व छोटी मसूर 100/150 रुपए प्रति क्विंटल की बढ़त देखी  गयी और भाव सप्ताहांत में छोटी कोटा 6800 रुपए ,बूंदी 7450 रुपए उत्तरप्रदेश 7५५० रुपए व देसी बड़ी 6375/6400 रुपए प्रति क्विंटल हो गयी। 
मध्य प्रदेश 
बिकवाली का दबाव बढ़ने व सुस्त मांग के चलते इस सप्ताह मध्य प्रदेश मसूर की कीमतों में 100/200 रुपए प्रति क्विंटल की मंदी दर्ज की गयी और इस मंदी के साथ भाव सप्ताहांत में भाव अशोकनगर 5500/6000 रुपए बीना 5750/6000 रुपए गंजबासोदा 5800/6100 रुपए सागर 5750/6000 रुपए दमोह 5600/6200 रुपए इंदौर 5550 रुपए करेली 4500/6262 रुपए व कटनी 6250 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी। 
उत्तर प्रदेश  
लिवाली शांत पड़ने से चालू साप्ताह के दौरान उत्तर प्रदेश की छोटी मसूर की कीमतों में 100 रुपए व बड़ी मसूर में 50 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गयी और भाव सप्ताहांत में बरेली छोटी 8200 रुपए मोटी 6300 रुपए ललितपुर मोटी 5800/5900 रुपए छोटी 7000/7200 रुपए व उरई 5000/5700 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी । 
अन्य 
चौतरफा गिरावट के असर व लिवाली शांत बनी रहने से  बिहार मसूर की कीमतों में इस साप्ताह 100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट देखी गयी और भाव सप्ताहांत में बाढ़ 6200 रुपए खुशरूपुर 6100 रुपए व मोकामा 6200 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी। इसी प्रकार रायपुर मसूर की कीमतों में भी इस साप्ताह 50 रुपए प्रति क्विंटल की मंदी देखी गयी और सप्ताहंत में भाव 5800 रुपए प्रति क्विंटल  रह गए।
मसूर दाल 
मसूर की गिरावट के असर व मांग सुस्त पड़ने से चालू साप्ताह के दौरान मसूर दाल की कीमतों में 100 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट देखी गयी और सप्ताहांत में भाव इंदौर 6700/6800 रुपए बाढ़ 7200/7500 रुपए, खुशरुपुर 7100/7400 रुपए, मोकामा 7200/7500 रुपए चंदौसी 8000/10000 रुपए व हैदराबाद 7350 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी।