सीमित कारोबार के साथ मसूर का भाव लगभग स्थिर

22-May-2026 03:50 PM

रेगिना। पश्चिमी कनाडा की मंडियों में मसूर का कारोबार कुछ सुस्त गति से हो रहा है जिससे इसकी कीमतों में काफी हद तक स्थिरता का माहौल देखा जा रहा है। मोटी हरी मसूर का एफओबी फार्म मूल्य 23-24 सेंट प्रति पौंड पर लगभग स्थिर बना हुआ है और इसकी डिलीवरी का समय अगस्त तक के लिए बताया जा रहा है।

इसी तरह नम्बर 1 ग्रेड की छोटी हरी मसूर का दाम गिरकर 18-19 सेंट प्रति पौंड रह गया है और यह भी एफओबी फार्म पर आधारित मूल्य है। नम्बर 2 क्वालिटी का माल बहुत कम उपलब्ध है और इसका ज्यादा कारोबार भी नहीं हो रहा है। छोटी हरी मसूर की मांग भी काफी कमजोर पड़ गई है लेकिन कभी-कभार इसका कारोबार सुधर जाता है। 

जहां तक लाल मसूर का सवाल है तो उसका भाव मोटी हरी मसूर से ऊंचा चल रहा है। लाल मसूर का कारोबार 25-26 सेंट प्रति पौंड के मूल्य स्तर पर हो रहा है। आमतौर पर स्थिति इसके विपरीत रहती है। मोटी हरी मसूर का दाम लाल मसूर से काफी ऊंचा रहता है जो इस बार नीचे आ गया है। इससे किसानों को लाल मसूर का रकबा बढ़ाने का अच्छा प्रोत्साहन मिल सकता है।

2025-26 के सीजन के दौरान कनाडा में मसूर का बेहतर उत्पादन हुआ इसलिए अच्छे निर्यात प्रदर्शन के बावजूद वहां इसका भारी-भरकम स्टॉक मौजूद है। उधर ऑस्ट्रेलिया में भी मसूर का शानदार उत्पादन हुआ और वह अंतर्राष्ट्रीय   निर्यात बाजार में कनाडा के लिए गंभीर चुनौती पेश कर रहा है दोनों देशों में मसूर की बिजाई जारी है।