खाद्यान्न का वैश्विक उत्पादन अनुमान 2.41 अरब टन पर स्थिर

22-May-2026 04:33 PM

नई दिल्ली। इंटरनेशनल ग्रेन्स कौंसिल (आईजीसी) ने अपनी नवीनतम रिपोर्ट में खाद्यान्न के वैश्विक उत्पादन अनुमान को 2026-27 सीजन के लिए 2.41 अरब टन के पुराने स्तर पर बरकरार रखा है। यह आंकड़ा गत सीजन की तुलना में करीब 3 प्रतिशत छोटा है। कौंसिल का कहना है कि इस बार बिजाई क्षेत्र में कुछ कमी आएगी और औसत उपज दर भी घट सकती है। चार वर्षों तक बढ़ते रहने के बाद इस बार खाद्यान्न का उत्पादन कुछ घट जाएगा। 

इसी तरह कौंसिल ने खाद्यान्न की वैश्विक खपत का अनुमान 2.44 अरब टन पर स्थिर रखा है जो पिछले सीजन (2025-26) से कुछ अधिक है। इसके तहत गेहूं, मक्का एवं जौ की खपत में बढ़ोत्तरी होने की उम्मीद है। खाद्यान्न का वैश्विक बकाया स्टॉक 61.50 करोड़ टन रहने की संभावना व्यक्त की गई है लेकिन इसके वैश्विक कारोबार का अनुमान 20 लाख टन घटाकर 44.60 करोड़ टन निर्धारित किया गया है। गेहूं और जौ के कारोबारी अनुमान में कटौती की गई है। 

आईजीसी ने 2025-26 सीजन के लिए खाद्यान्न के वैश्विक उत्पादन का अनुमान 30 लाख टन बढ़ाकर 2.48 अरब टन नियत किया है। इसके तहत अर्जेन्टीना में मक्का एवं दक्षिण अफ्रीका में मोटे अनाजों के उत्पादन अनुमान में वृद्धि की गई है। 2026-27 सीजन के दौरान विश्व स्तर पर उत्पादन के मुकाबले खाद्यान्न का उपयोग अधिक होगा जिससे पिछले बकाया स्टॉक पर दबाव बढ़ेगा और उसमें कुछ कमी आ सकती है।