News Capsule/न्यूज कैप्सूल: मसूर की आपूर्ति रहेगी पर्याप्त, चना उत्पादन को लेकर अनिश्चितता
06-Jul-2026 08:43 AM
News Capsule/न्यूज कैप्सूल: मसूर की आपूर्ति रहेगी पर्याप्त, चना उत्पादन को लेकर अनिश्चितता
★ उत्तर अमेरिका में इस वर्ष मसूर की बुवाई कम होने के बावजूद आपूर्ति पर्याप्त रहने की संभावना है। कनाडा और अमेरिका में मसूर का कुल रकबा 54.85 लाख एकड़ से घटकर 46.71 लाख एकड़ रह गया है। हालांकि अच्छी नमी और अनुकूल मौसम के कारण उत्पादन में गिरावट रकबे की तुलना में कम रहने का अनुमान है।
★ यदि औसत उपज रहती है, तो कनाडा का मसूर उत्पादन 33.60 लाख टन से घटकर लगभग 21.60 लाख टन रह सकता है, जबकि अमेरिका का उत्पादन 4.92 लाख टन से घटकर लगभग 3.02 लाख टन रहने का अनुमान है। तीन वर्ष की औसत उपज के आधार पर कनाडा का उत्पादन करीब 23.90 लाख टन और अमेरिका का 3.48 लाख टन हो सकता है। बड़े शुरुआती स्टॉक के कारण वैश्विक बाजार में मसूर की उपलब्धता फिलहाल पर्याप्त रहने की उम्मीद है।
~~~~~~~
काबुली चना उत्पादन पर अनिश्चितता, रकबा घटा
★ कनाडा और अमेरिका में काबुली चना का कुल रकबा 11.10 लाख एकड़ से घटकर 10.20 लाख एकड़ रह गया है। कनाडा में बुवाई 5.75 लाख एकड़ के अनुमान के मुकाबले 5.33 लाख एकड़ रही, जबकि अमेरिका में 5.01 लाख एकड़ के अनुमान के मुकाबले 4.84 लाख एकड़ में बुवाई हुई।
★ अमेरिका में छोटे दाने वाले चने का रकबा 1.28 लाख एकड़ से घटकर 1.12 लाख एकड़ और बड़े काबुली चने का रकबा 4.08 लाख एकड़ से घटकर 3.70 लाख एकड़ रह गया। कम रकबे के बावजूद अंतिम उत्पादन मौसम और उपज पर निर्भर करेगा, जिससे इस वर्ष उत्तर अमेरिकी चना उत्पादन को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है।
