Home News

रबी फसलों की बिजाई की गति शीघ्र ही तेज होने की उम्मीद

30-Oct-2026 07:37 PM

रबी फसलों की बिजाई की गति शीघ्र ही तेज होने की उम्मीद

नई दिल्ली। देश के अनेक राज्यों में भारी बारिश हो रही है और अगले सप्ताह तक इसका सिलसिला बरकरार रहने की संभावना है जिससे सूखे का संकट काफी हद तक दूर हो सकता है। तापमान में गिरावट आने से खेतों की मिटटी से नमी सूखने की गति धीमी पड़ जाएगी जिससे रबी फसलों की अच्छी प्रगति सुनिश्चित हो सकती है। भारी वर्षा के कारण बांधों-जलाशयों में जल स्तर बढ़ने के आसार हैं जिससे फसलों की सिंचाई के लिए सही समय पर पानी मिल सकता है।   

हालांकि अल नीनो मौसम चक्र का खतरा न केवल कायम है बल्कि और भी गंभीर होने की आशंका है लेकिन फिलहाल वर्षा एवं तापमान की स्थिति सामान्य देखी जा रही है। मौसम विभाग के दक्षिण-पश्चिम मानसून की भांति उत्तर-पूर्व मानसून भी कुछ कमजोर रहने की संभावना व्यक्त की है लेकिन इसका असर मध्य नवम्बर के बाद दिखाई पड़ सकता है।

देश के कई राज्यों में जून-सितम्बर के दौरान मानसून की कम वर्षा होने से खेतों की मिटटी में नमी का अभाव उत्पन्न हो गया था इसलिए रबी फसलों की बिजाई की रफ्तार बढ़ाने में किसानों को भारी कठिनाई होने लगी। हालांकि सरसों एवं चना सहित कुछ अन्य जिंसों का बाजार भाव न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से काफी ऊंचा चल रहा है और गेहूं  का दाम भी मजबूत होने लगा है जिससे किसान इसकी बिजाई अधिक से अधिक क्षेत्रफल में करने के इच्छुक हैं लेकिन उसे अनुकूल मौसम का सहारा नहीं मिल रहा था।

अब हालात अच्छे है इसलिए किसानों की सक्रियता तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। खाद-बीज का समुचित स्टॉक मौजूद है और बारिश का सहारा भी मिल रहा है। महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश एवं तेलंगाना जैसे राज्यों को अच्छी वर्षा की सख्त आवश्यकता थी जो अब पूरी हो रही है या होने वाली है।