Home News

नए डिप्रेशन के निर्माण से तमिलनाडु- केरल में बारिश के आसार

30-Oct-2026 07:45 PM

नए डिप्रेशन के निर्माण से तमिलनाडु- केरल में बारिश के आसार

तिरुअनन्तपुरम। दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बन रहे कम दाब का क्षेत्र शीघ्र ही डिप्रेशन में बदल सकता है जिससे केरल और तमिलनाडु में भारी वर्षा होने की संभावना है। उत्तर-पूर्व मानसून से दक्षिण भारत में जोरदार वर्षा होती है और फिलहाल यह मानसून पूरी तरह सक्रिय दिख रहा है। तमिलनाडु के विभिन्न भागों में पहले भी जोरदार बारिश हो चुकी है इन दोनों प्रांतों में होने वाली बारिश बागानी फसलों के लिए काफी लाभदायक साबित हो सकती है।  

मौसम विभाग के अनुसार इस नए डिप्रेशन से अगले सप्ताह दक्षिण प्रायद्वीप में दूर-दूर तक बारिश होने की उम्मीद है केरल और तमिलनाडु के अलावा तटीय आंध्र प्रदेश तथा यानम में भी जोरदार बारिश हो सकती है। यह वर्षा 1 से 4 नवम्बर तक जारी रहेगी। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह भी इस वर्षा के दायरे में शामिल है।

अच्छी बात यह है कि इस डिप्रेशन से कर्नाटक के अनेक सूखा ग्रस्त इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है जिससे तुवर, मक्का, गन्ना एवं कालीमिर्च के साथ अन्य मसाला फसलों को फायदा हो सकता है।

कर्नाटक देश में कालीमिर्च एवं कॉफी का सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य है जबकि वहां लालमिर्च हल्दी प्याज एवं नारियल का उत्पादन भी बड़े पैमाने पर होता है। आंध्र प्रदेश में अत्यन्त तेज तूफान के साथ हुई जोरदार बारिश से बागानी तथा मसाला फसलों को नुकसान होने की आशंका है मगर तेलंगाना में होने वाली वर्षा इन फसलों के लिए लाभदायक साबित हो सकती है।