पूर्वी राज्यों में बारिश से धान की रोपाई में तेजी

13-Jul-2026 04:22 PM

कोलकाता। दक्षिण-पश्चिम मानसून फिलहाल देश के पूर्वी एवं पूर्वोत्तर राज्यों में सक्रिय है और वहां पश्चिम बंगाल, बिहार एवं आसाम सहित अन्य प्रांतों में या तो बारिश हो रही है या आसमान पर घने बादल छाए हुए हैं। इससे किसानों को खरीफ फसलों और खासकर धान की खेती करने में अच्छी सहायता मिल रही है। 

अन्य भागों की भांति जून में पूर्व तथा पूर्वोत्तर राज्यों में भी मानसून कमजोर रहा था इसलिए वहां वर्षा पर आश्रित इलाकों में खरीफ फसलों की बिजाई में देर हो गई। किसान धान सहित अन्य खरीफ फसलों की खेती के लिए आवश्यक तैयारी पहले ही कर चुके थे इसलिए जब बारिश शुरू हुई तब बिजाई की रफ्तार भी बढ़ गई।

बिहार के विभिन्न जिलों में 8 जुलाई से ही रुक-रूककर अच्छी बारिश हो रही है और मौसम विभाग ने वहां अगले 2-3 दिनों तक वर्षा का सिलसिला जारी रहने की संभावना व्यक्त की है। इसी तरह पश्चिम बंगाल के बिहार एवं झारखंड से सटे इलाकों में जोरदार वर्षा होने का अनुमान लगाया गया है।

वहां मानसूनी बारिश की सख्त आवश्यकता महसूस की जा रही थी। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल देश में धान-चावल का सबसे प्रमुख उत्पादक राज्य है जबकि बिहार, आसाम उड़ीसा जैसे राज्यों में भी धान का उत्पादन बड़े पैमाने पर होता है।