ऑस्ट्रेलिया से जुलाई में 41,612 टन चना का निर्यात

04-Sep-2026 03:30 PM

ब्रिसबेन। ऑस्ट्रलियाई चना की खरीद में भारत को छोड़कर अन्य अधिकांश आयातक देशों की दिलचस्पी काफी घट गई है। इसका प्रमाण यह है कि जुलाई में वहां से कुल 41,612 टन चना का निर्यात हुआ जिसमें से अकेले भारत को 35,997 टन का शिपमेंट किया गया। इसके बाद सिर्फ ब्रिटेन (इंग्लैंड) को छोड़कर किसी अन्य देश में चना का निर्यात 1000 टन तक नहीं पहुंच पाया। पाकिस्तान में भी यह निर्यात 970 टन पर अटक गया।

सरकारी संस्था- ऑस्ट्रेलियाई संख्यिकी ब्यूरो (एबीएस) के आंकड़ों से पता चलता है कि मई से जुलाई 2026 की तिमाही में ऑस्ट्रेलिया से कुल 1,25,658 टन चना का निर्यात हुआ। इसके तहत मई में 26,810 टन, जून में 57,236 टन तथा जुलाई में 41,612 टन का शिपमेंट शामिल था। 

समीक्षाधीन तिमाही के दौरान अकेले भारत द्वारा ऑस्ट्रेलिया से 53,601 टन चना मंगाया गया। भारत में वहां से मई में 4047 टन, जून में 13558 टन तथा जुलाई में 35,997 टन चना का आयात किया गया। 

इसके अलावा समीक्षाधीन तिमाही के दौरान ऑट्रेलिया से बांग्ला देश को 16,544 टन, नेपाल को 6430 टन, पाकिस्तान को 42,614 टन तथा ब्रिटेन को 2336 टन चना का निर्यात हुआ। कनाडा ने 1127 टन का आयात किया। ऑस्ट्रेलिया से मुख्यतः देसी चना का निर्यात होता है।