चीनी के वैश्विक अधिशेष स्टॉक के अनुमान में कटौती

04-Sep-2026 04:38 PM

लन्दन। इंटरनेशनल शुगर आर्गेनाइजेशन (आईएसओ) ने मई की अपनी रिपोर्ट में 2025-26 सीजन के दौरान चीनी का वैश्विक अधिशेष स्टॉक 22 लाख टन रहने का अनुमान लगाया था जिसे अब नई रिपोर्ट में 50 प्रतिशत घटाकर 11 लाख टन नियत कर दिया है। मालूम हो कि आईएसओ द्वारा तिमाही आधार पर अपनी रिपोर्ट जारी की जाती है। अगस्त 2026 की रिपोर्ट में किया गया बदलाव 2025-26 सीजन का चौथा परिवर्तन है।

नई रिपोर्ट में खासकर मध्य दक्षिण ब्राजील में चीनी के उत्पादन में भारी गिरावट आने की संभावना व्यक्त की गई है। उल्लेखनीय है कि लैटिन अमरीका में अवस्थित ब्राजील दुनिया में चीनी का सबसे बड़ा उत्पादक एवं निर्यातक देश है और वहां लगभग 90 प्रतिशत चीनी का उत्पादन मध्य दक्षिणी क्षेत्र में होता है। दूसरी ओर चीन में चीनी के उत्पादन में  कुछ सुधार आया है। 

आईएसओ ने चीन में चीनी का उत्पादन उछलकर 130 लाख टन के आसपास पहुंच जाने का अनुमान लगाया है जो 2013-14 सीजन के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। 

जहां तक 2026-27 सीजन की बात है तो चीनी के वैश्विक उत्पादन में 2 लाख टन की मामूली गिरावट आने की संभावना व्यक्त की है जबकि इसके उपयोग में 8 लाख टन की वृद्धि होने का अनुमान लगाया है। 2024-25 की तुलना में 2025-26 सीजन के दौरान चीनी की वैश्विक खपत 0.5 प्रतिशत या 9 लाख टन बढ़कर 1796 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान लगाया गया है जबकि 2026-27 के सीजन में यह खपत और भी 8 लाख टन की वृद्धि के साथ 1804 लाख टन पर पहुंचने की संभावना व्यक्त की गई है।

ब्राजील से बाहर चीनी का उत्पादन 44 लाख टन घटने का अनुमान है जिसमें यूरोपीय संघ, थाईलैंड तथा उत्तरी अमरीका महाद्वीप के मध्यवर्ती भाग में अवस्थित देशों का ज्यादा योगदान रहेगा। ब्राजील में अगले साल चीनी का उत्पादन बढ़ सकता है।