ऑस्ट्रेलिया में मसूर का उत्पादन 22.10 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान

29-Jun-2026 06:55 PM

मेलबोर्न। चालू माह के आरंभ में ऑस्ट्रेलिया की सरकारी एजेंसी- अबारेस ने 2026-27 के मौजूदा सीजन के दौरान मसूर का घरेलू उत्पादन बढ़कर 22.10 लाख टन के सर्वकालीन सर्वोच्च स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है जो 2025-26 के रिकॉर्ड उत्पादन 21.50 लाख टन से भी 60 हजार टन ज्यादा है। रिपोर्ट के अनुसार मसूर का बिजाई क्षेत्र भी इस अवधि में 12 लाख हेक्टेयर से सुधरकर 12.30 लाख हेक्टेयर पर पहुंचने का अनुमान है। बिजाई लगभग पूरी हो चुकी है। 

साउथ ऑस्ट्रेलिया एवं विक्टोरिया मसूर के दो शीर्ष उत्पादक प्रान्त हैं। वहां मौसम एवं वर्षा की हालत इसकी फसल के लिए काफी हद तक अनुकूल है। शानदार उत्पादन की उम्मीद का असर मसूर के घरेलू बाजार भाव पर पड़ने लगा है। उत्पादक अपने पिछले स्टॉक को जल्दी-जल्दी बेचने का प्रयास कर रहे हैं। 

मई के आरंभ में ऑस्ट्रेलिया में मसूर का उच्चतम पोर्ट डिलीवरी मूल्य 670 डॉलर प्रति टन पर पहुंचा था जो बाद में नरम पड़ने लगा और अब 630 डॉलर प्रति टन के आसपास आ गया है। 

व्यापार विश्लेषकों के अनुसार मसूर के दाम में गिरावट आने का मुख्य कारण ऑस्ट्रेलिया और कनाडा में किसानों के पास भारी-भरकम पिछला स्टॉक मौजूद रहना तथा दोनों देशों में अगला उत्पादन नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की उम्मीद रहना है। इसके अलावा प्रमुख आयातक देशों में इसकी मांग भी कमजोर पड़ गई है क्योंकि विदेशी खरीदार इसकी लिवाली में कोई जल्दबाजी नहीं दिखा रहे हैं।