ऑस्ट्रेलिया में चना की कटाई शुरू- हाल की वर्षा से फसल को फायदा
31-Aug-2026 06:03 PM
ब्रिसबेन। ऑस्ट्रेलिया में शीतकालीन फसलों और खासकर चना की छिटपुट कटाई-तैयारी आरंभ हो गई है। मध्यवर्ती क्वींसलैंड में चना की अगैती बिजाई वाली फसल की कटाई शुरू हुई है।
उधर न्यू साउथ वेल्स प्रान्त के उत्तरी भाग में हाल की अच्छी वर्षा से चना की फसल को काफी फायदा हुआ है और इसकी उपज दर में सुधार आने की संभावना बढ़ गई है। इसी तरह मसूर एवं फाबा बीन्स के उत्पादन का परिदृश्य भी बेहतर होने लगा है। साउथ ऑस्ट्रेलिया एवं विक्टोरिया जैसे शीर्ष उत्पादक प्रांतों में नियमित रूप से अच्छी वर्षा होने से फसल की हालत काफी सुधर गई है।
जहां तक दलहनों के निर्यात मोर्चे का सवाल है तो फिलहाल खरीदारों की मांग सामान्य से कम है और विक्रेताओं द्वारा नपी तुली मात्रा में स्टॉक की बिक्री की जा रही है। चना एवं मसूर की कीमतों में मामूली उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है।
सरकारी संस्था- अबारेस की तिमाही रिपोर्ट की प्रतीक्षा की जा रही है इस रिपोर्ट से ऑस्ट्रेलिया में चना, मसूर एवं फाबा बीन्स जैसे दलहनों के उत्पादन की तस्वीर सामने आ सकेगी और उसके आधार पर उत्पादक, मिलर्स, व्यापारी तथा निर्यातक अपनी रणनीति बनाने का प्रयास करेंगे। चना का भाव दिसावरी पैकर्स को डिलीवरी के लिए 740 डॉलर एवं ब्रिसबेन पोर्ट डिलीवरी के लिए 810 डॉलर प्रति टन बताया जा रहा है।
