सीमित कारोबार के कारण मटर के दाम में मामूली बदलाव
31-Aug-2026 05:07 PM
वैंकुवर। उत्तरी अमरीका महाद्वीप के दोनों शीर्ष व्यवसाय देशों कनाडा तथा संयुक्त राज्य अमरीका (यूएसए) में मटर की नई फसल की कटाई-तैयारी नियमित रूप से जोर पकड़ती जा रही है जबकि खरीदार इसकी उपज दर एवं पैदावार की ठोस स्थिति जानने का भरसक प्रयास कर रहे है। इसके फलस्वरूप पिछले सप्ताह मटर में सीमित कारोबार हुआ और कीमतों में मामूली घट-बढ़ दर्ज की गई।
कनाडा में मटर फसल की कटाई गत वर्ष से काफी पीछे चल रही है। गत सप्ताह तक वहां 36 प्रतिशत क्षेत्र में इसकी कटाई हुई जबकि पिछले साल की समान अवधि में 48 प्रतिशत क्षेत्र में फसल काटी जा चुकी थी।
यदि उपज दर को औसत स्तर का मान लिया जाए तो इस 36 प्रतिशत की कटाई से किसानों को लगभग 9.51 लाख टन मटर का स्टॉक प्राप्त हो चुका था जो पिछले साल की इसी अवधि में प्राप्त स्टॉक 16.40 लाख टन से काफी कम रहा।
उधर अमरीका में मटर की काटी गई फसल का क्षेत्रफल 73 प्रतिशत पर पहुंच गया जो गत वर्ष के 78 प्रतिशत से कुछ पीछे रहा। औसत उपज दर के आधार पर वहां 5.83 लाख टन मटर का स्टॉक किसानों को हासिल हुआ जबकि गत वर्ष 6.55 लाख टन का स्टॉक प्राप्त हुआ था।
