ऑस्ट्रेलिया में बादाम के बागानों का हो रहा है नियमित विकास-विस्तार

28-Jul-2026 01:23 PM

कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया में बादाम के बागानों का प्रति वर्ष नियमित रूप से विकास-विस्तार हो रहा है। हालांकि फसल की तुड़ाई-तैयारी के समय बेमौसमी बारिश होने से बादाम की पैदावार एवं क्वालिटी के प्रति अनिश्चितता बनी हुई है लेकिन इससे निर्यात में निरंतरता बरकरार है। 

ऑस्ट्रेलिया अलमंड बोर्ड की सीजनल रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2025 के दौरान समूचे देश में बादाम के लगभग 10 लाख नए पेड़ लगाए गए। वर्तमान समय में ऑस्ट्रेलिया में बादाम के बागानों का कुल क्षेत्रफल 70,968 हेक्टेयर पर पहुंच गया है जिसमें से 62,203 में लगे पेड़ से बादाम का उत्पादन प्राप्त हो रहा है।

इसमें नॉन पेरिल वैरायटी बादाम का क्षेत्रफल सबसे  ज्यादा 28311 हेक्टेयर है। इसके बाद कार्मेल वैरायटी का रकबा 14,699 हेक्टेयर तथा मोंटेटी वैरायटी का रकबा 6879 हेक्टेयर आंका गया है। इसके साथ 5324 हेक्टेयर में सेल्फ फर्टाइल वैरायटी के बादाम के पेड़ लगाए गए है। 

वर्ष 2025 के दौरान ऑस्ट्रेलिया में कुल 1,55,697 टन का बादाम का शानदार उत्पादन हुआ जो अब तक का दूसरा सबसे ऊंचा स्तर रहा। पहले चालू वर्ष के दौरान देश से 1,66,892 टन बादाम का निर्यात होने का अनुमान लगाया जा रहा था लेकिन बाद में असामयिक वर्षा होने तथा तेल हवा का प्रवाह बढ़ने से बादाम की पैदावार एवं क्वालिटी में गिरावट आ गई इसलिए यह देखना दिलचस्प होगा कि उत्पादन एवं निर्यात का प्रदर्शन कैसा रहता है। वैसे ऑस्ट्रेलिया में अब भी 11,085 टन बादाम का पिछला स्टॉक मौजूद है। 

हालांकि 2026-27 के मार्केटिंग सीजन में निर्यात की धीमी शुरुआत हुई मगर बाद में इसकी रफ्तार तेज हो गई। चालू सीजन के तीसरे महीने में वहां से 13,089 टन बादाम का निर्यात हुआ जो गत वर्ष से 14 प्रतिशत कम रहा।