गुजरात में आफत की बारिश
28-Jul-2026 12:26 PM
अहमदाबाद। जून में मानसून गुजरात में कमजोर रहा था मगर जुलाई में काफी आक्रामक ढंग से सक्रिय हो गया। दक्षिण गुजरात के कई जिलों में इतनी जोरदार बारिश हुई है कि कई इलाके जलमग्न हो गए। तापी, नवसारी, सूरत एवं बलसाड जिले बाढ़-वर्षा से बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
मानसून इसके बाद उत्तर की तरफ बढ़कर भाव नगर एवं अहमदाबाद होते हुए राजकोट तक पहुंच गया। वर्षा की तीव्रता एवं सघनता कुछ ज्यादा देखी गई।
गुजरात में 27 जुलाई तक 59.26 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में खरीफ फसलों की खेती हुई मगर यह रकबा गत वर्ष के 65.56 लाख हेक्टेयर से 6.30 लाख हेक्टेयर पीछे रह गया। ध्यान देने की बात है कि गुजरात देश में कपास, मूंगफली एवं अरंडी का सबसे प्रमुख उत्पादन राज्य है। इसके अलावा वहां मक्का, मूंग, तुवर, उड़द, बाजरा, सोयाबीन तथा ग्वार का भी अच्छा उत्पादन होता है।
जोरदार वर्षा एवं भयंकर बाढ़ से गुजरात के कुछ क्षेत्रों में खेतों में पानी भर गया है जिससे खरीफ फसलों के लिए खतरा बढ़ गया है। आगे भी वहां भारी बारिश के आसार बने हुए हैं जो आफत की वर्षा साबित हो सकती है।
