रूस से गेहूं का निर्यात बढ़कर 477 लाख टन पर पहुंचने का अनुमान

27-Jun-2026 11:31 AM

मास्को। एक अग्रणी विश्लेषक संस्था ने रूस से 2025-26 के मौजूदा मार्केटिंग सीजन (जुलाई-जून) में गेहूं का सकल निर्यात बढ़कर 477 लाख टन के शीर्ष स्तर पर पहुंच जाने का अनुमान लगाया है जो 2024-25 सीजन के कुल निर्यात 422 लाख टन से 55 लाख टन ज्यादा है।

चालू माह (जून) के शुरुआती 22 दिनों के दौरान रूस से करीब 15.50 लाख टन गेहूं का निर्यात हुआ जबकि पूरे माह में इसका कुल शिपमेंट 22.60 लाख टन पर पहुंचने की उम्मीद है जो जून 2025 के कुल निर्यात 13.60 लाख टन से काफी अधिक है। अनेक देशों में रूसी गेहूं की अच्छी मांग कायम है। 

संस्था की रिपोर्ट में कहा गया है कि भीषण गर्मी, ऊंचे तापमान तथा वर्षा के अभाव के कारण यूरोपीय संघ के देशों में गेहूं फसल की हालत लगातार खराब होती जा रही है।

फ्रांस, जर्मनी, इटली एवं स्पेन में स्थिति नाजुक हो गई है क्योंकि वहां पैदावार के साथ गेहूं की क्वालिटी भी प्रभावित होने की आशंका है। इससे रूस को निर्यात का अवसर मिल सकता है।